KAIMUR : दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत अकोढ़ी मेला के पास दुर्गावती नदी पुल से एक ऑटो नदी में गिर गया। इस घटना में चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतक मोहनियां थाना क्षेत्र के बेलौड़ा गांव निवासी रामजनम राम का पुत्र कमलेश कुमार (26) था। घायल धर्मेंद्र कुमार राम, पत्नी सुनीता देवी एवं पुत्री सुखी कुमारी भी उसी गांव के रहने वाले हैं। तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
दर्शन-पूजन कर लौट रहा था परिवार
ग्रामीणों ने बताया ऑटो चालक सवारी लेकर यूपी के गाजीपुर जिला स्थित अमवां के सत्ती माई स्थान दर्शन कराने गया था। उधर से धर्मेंद्र, उसकी पत्नी और बच्ची को लेकर लौट रहा था। दुर्गावती थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला के पास पुल की रेलिंग तोड़ते हुए ऑटो नदी में जा गिरा।
इस घटना में कमलेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोग दौड़े। सभी को पीएचसी पहुंचाया।वहां चालक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं पति-पत्नी व बच्चे काे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजते हुए घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।