JAMUI : जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में ससुराल वालों ने दहेज के लिए बहू के गले में फंदा लगाकर मार डाला। इसके बाद शव को चादर से ढंक कर फरार हो गए। घटना सोनपे गांव की है। परिजनों का आरोप है कि देवर को अधिक दहेज मिलने के कारण मृतका के साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी।
2 दिन पहले भी उसे ससुराल वालों ने काफी पीटा था। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया था। मृतक की पहचान लखीसराय जिले के पिपरिया निवासी रवींद्र रजक की बेटी स्वीटी कुमारी (22 साल) के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। मामले की पड़ताल शुरू हो गई है।
पिता रवींद्र रजक और माता रीता देवी ने बताया कि स्वीटी को ससुराल वाले दहेज के लिए बुरी तरह प्रताड़ित करते थे। ससुर केदार रजक, सास लाछो देवी, पति सोनू रजक, देवर हरेराम रजक ने दो दिन पहले भी स्वीटी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद एक कमरे में बंद कर दिया था।
किसी तरह स्वीटी ने मोबाइल से इस बात की जानकारी अपने मामा को दी थी, जिसके बाद रवींद्र रजक ने ससुराल वालों से बात की थी। उस वक्त उन्होंने प्रताड़ित नहीं करने की बात कही और रविवार देर रात फांसी लगाकर उसे मार डाला।
स्वीटी के देवर हरेराम रजक की शादी 2 साल पहले हुई थी।
उसे अधिक दहेज मिला था, जिसके कारण ससुराल वाले स्वीटी से भी दहेज की मांग करने लगे थे। इसी को लेकर रोजाना उसके साथ मारपीट भी करते थे। अपने मायके वालों से पैसा मांगने के लिए स्वीटी को कहा जाता था। रविवार को भी इसी बात के लिए उन्होंने स्वीटी को बेरहमी से पीटा फिर फांसी देकर मार डाला। इसके बाद शव को खाट पर लिटाकर चादर से लपेट दिया और सभी फरार हो गए।