SAMASTIPUR : समस्तीपुर- इलमासनगर पथ में मथुरापुर ओपी के सारी गांव में डॉ. हरि मोहन गुप्ता के क्लीनिक के समीप सड़क किनारे एक तोड़ी के खेत से बुधवार की दोपहर एक लड़की का शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार जब उक्त खेत में आसपास की महिलाएं मवेशी के लिए घास काटने गई तो देखा कि एक लड़की का शव पड़ा हुआ है।
महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग शव देखने के लिए दौड़ पड़े और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। परंतु, उसकी पहचान नही हो सकी है। शव के पहनावे से वह किसी अच्छे घर की लगती है तथा उसकी उम्र 16-17 वर्ष और गाल पर कोई ताजा जख्म बना हुआ है।
युवती ने लाल फ्रॉक के ऊपर ब्लू रंग का स्वेटर, लाल रंग का सलवार और जूता-मोजा पहने हुई थी। ड्रेस से लगता है कि वह मैट्रिक या इंटर की छात्रा थी। मुख्य मार्ग में सड़क किनारे उक्त शव की बरामदगी से यह कयास लगाया जा रहा है कि अन्यत्र हत्या कर पहचान छुपाने की नीयत से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस शव कके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच-पड़ताल चल रही है। मौके पर स्थानीय मुखिया दिनेश पासवान, माले नेता जीवछ पासवान भी मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है।