2021/02/05

प्रेम-प्रसंग में अगवा लड़की बिहार के मुजफ्फरपुर से बरामद, ढूंढने के लिए हाई वाेल्‍टेज ड्रामा

RANCHI : रांची से अपह्रत की गई एक नाबालिग लड़की को बिहार के मुजफ्फरपुर से बरामद कर लिया गया है। रांची का एक लड़का नाबालिग को अपने प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस को अनुसंधान के क्रम में लड़की का लोकेशन मुजफ्फरपुर मिला। इसके बाद रांची पुलिस की टीम वहां गई और लड़की को ढूंढ कर ले आई।

लड़की का अपहरण 26 जनवरी को हुआ था। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से लड़की की खोजबीन की। नहीं मिलने पर इसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज करवाई। पुलिस को जांच में लड़की का लोकेशन बिहार के मुजफ्फरपुर में मिला। इसके बाद पुलिस की टीम एक फरवरी को वहां गई। आज 4 फरवरी को पुलिस लड़की को बरामद कर रांची वापस लौटी। बताया गया कि रांची के ही एक लड़के ने अपने प्रेम जाल में फंसाकर लड़की को शादी की नियत से भगा ले गया था। पुलिस ने आरोपी लड़के को भी पकड़ लिया है।

हालांकि उससे पहले रांची में इस मामले में हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। लड़की की मां ने यह आरोप लगाया कि पुलिस लड़की को लाने जाने के लिए गाड़ी की मांग कर रही है। इसके लिए उसने चंदा कर पुलिस को गाड़ी उपलब्ध कराया। लेकिन बाद में वह अपने बयान से मुकर गई।