SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही हैं। बंगरा थाना क्षेत्र के डीह सरसौना गांव में एक केस की जांच करने गई पुलिस की पूछताछ के दौरान एक महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतका महिला गांव के मो. आले की पत्नी बताई गई है।
महिला की मौत से आक्रोशित परिवार के लोग व ग्रामीण बंगरा थाना पर पहुंच जांच में गए थाना के एक पुलिस अधिकारी को घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजनों के मुताबिक जांच करने गए थाना के एक अधिकारी ने महिला को डांटा, जिसके बाद उस महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि आपसी विवाद के एक मामले को लेकर थाने में महिला ने आवेदन दिया था, जिसकी जांच करने गए पुलिस अधिकारी ने महिला को ही डांट डपट दिया, जिसके बाद महिला की जमीन पर गिरकर हार्ट अटैक से मौत हो गई।
इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गांव में मामले को लेकर दो पक्षों के द्वारा थाने में काउंटर केस दर्ज कराया गया था। थाने से एक अधिकारी जांच के लिए गए थे। इस दौरान महिला की मौत हार्ट अटैक से हो गई है। मामले की पूरी पड़ताल की जा रही है।
Input--hindustan