2021/02/25

सीतामढ़ी में मर्डर...बेखौफ बदमाशों ने सीमेंट व्यवसायी की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या

SITAMARHI :बिहार के सीतामढ़ी जिले में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार को एक सीमेंट व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। ये घटना नगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर फोरलेन के पास की है। मृतक की पहचान मिरचाईपट्टी निवासी गुड्डू भागवानी के रूप में कई गई है। 

जानकारी के अनुसार गुड्डू भागवानी सोनबरसा-मुजफ्फरपुर हाइवे एनएच 77 के बरियारपुर पेट्रोल पंप के सामने अपनी सीमेंट बालू की दुकान पर बैठे थे। तभी अपराधियों ने दुकान पर पहुंचकर व्यवसायी को गोली मार दी। 

गोली लगने से घायल व्यवसायी को निजी क्लिनिक में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से सीतामढ़ी जिले के व्यवसायियो में आक्रोश के साथ भय का माहौल सा कायम हो गया है।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई है जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस को घटनास्थल से पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद हुई है.