2021/02/03

तेज प्रताप यादव का दिखा अलग अंदाज, अनोखी साइकिल से परिक्रमा करते नजर आए

DESK : लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव का पूजा पाठ से अनोखा रिश्ता जुड़ा हुआ है। वह अक्सर काशी और मथुरा दर्शन पूजा के लिए आते रहते हैं। मथुरा वृंदावन और ब्रज की गलियां तो उन्हें गजब रास आती हैं। 

तेज प्रताप यहां कभी यमुना किनारे गायों के बीच बंशी बजाते नजर आते हैं तो कभी मंदिरों में दर्शन पूजा करते। बुधवार को तेज प्रताप यादव ने बैटरी चालित साइकिल से वृंदावन की परिक्रमा की। साइकिल देखकर यहां से गुजरने वाले लोग हैरान रह गए।

बुधवार को वृंदावन के पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग में तेजप्रताप यादव साइकिल चलाते नजर आए। तेज प्रताप पीली धोती, बगलबंदी और गले में शाल डाले ब्रजवासी के रूप में थे। जब लोगों ने तेजप्रताप यादव को परिक्रमा करते देखा तो वे चकित रह गए। तेजप्रताप के सुरक्षाकर्मी दूसरी साइकिलों पर परिक्रमा करते रहे। इस दौरान तेजप्रताप यादव ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।

तेज प्रताप यादव जब ब्रज आते हैं तो वे लोगों से ज्यादा मिलना जुलना पसंद नहीं करते हैं। पिछले साल भी आए तो कार से मित्र लक्ष्मण शर्मा के साथ केशीघाट पहुंचे और यहां उन्होंने नौका विहार किया। तेजप्रताप कह चुके हैं कि ब्रज की धार्मिक यात्रा उन्हें आनंद देती है।

वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत ज्ञानेंद्र गोस्वामी से तेज प्रताप यादव से गुरु शिष्य का संबंध है। पिछले वर्ष भी तेज प्रताप के वृंदावन आने पर ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने ही उन्हें बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन पूजन कराया था। 

तेज प्रताप रंगजी मंदिर में भी ठाकुरजी के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष जनवरी माह में जब वृंदावन आए थे तब उन्होंने श्रीबांकेबिहारी और रंगजी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए थे। उन्होंने दोनों मंदिरों के जुड़े बाजारों में भ्रमण करते हुए खरीदारी भी की थी।