ARA : भोजपुर के नारायणपुर में हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व मुखिया को गोली मार दी। घटना मड़नपुर गांव के पास की है। गुरुवार अहले सुबह वरुणा पंचायत के पूर्व मुखिया नारायण पंडित (76 साल) पूजा करने के लिए मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने दो गोलियां दागीं। पहली गोली दाहिने पैर के घुटने में लगीं जबकि दूसरी गोली बाएं हाथ को छेदते हुए निकल गई। घटनास्थल पर ही वह अचेत होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने जब देखा तो उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, देर रात पीरो थाना क्षेत्र के रसौली में भी अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। पहले के विवाद को लेकर अपराधियों ने घर में घुसकर फायरिंग की। घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पूर्व मुखिया को दागीं 2 गोलियां
नारायणपुर थाना क्षेत्र के मड़नपुर गांव में वरुणा के पूर्व मुखिया नारायण पंडित को दो गोलियां लगीं हैं। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि दाहिने पैर के घुटने और बाएं हाथ में गोली लगी है। उनके पुत्र निर्मल कुमार ने बताया कि रोज की तरह आज भी वह मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और मामले की पड़ताल में जुट गई। नारायण पंडित 2011 में वारुण पंचायत के मुखिया रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार फर्द बयान के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। पूर्व में घायल का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
कहासुनी के बाद फायरिंग करने लगे
पीरो थाना क्षेत्र के रसौली में देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर फायरिंग की, जिसमें एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। मंद्रिका सिंह की पत्नी शिव दुलारो देवी (65 साल)अपने घर में खिड़की के पास सोई हुई थी। देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी में वह घायल हो गई। बहू पूजा देवी ने बताया कि बुधवार की शाम को गांव के ही कुछ लोगों ने जख्मी महिला के पुत्र को जबरन शराब पिलाकर मारा था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात कुछ युवक घर पर आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। इसी में बात बढ़ गई और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें शिव दुलारो देवी के बाएं पैर में गोली लग गई। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।