2021/02/07

चर्चित आइपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा ने वीडियो कॉल पर थानेदार को दी टिप्स, उपद्रवियों पर भारी पड़ी पुलिस

GAYA : चर्चित आइपीएस अधिकारी और मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमित लोढ़ा की वीडियो कॉल पर दी गई टिप्‍स गुरारू पुलिस के काम आई। टिप्‍स पर अमल कर पुलिस ने न केवल भीड़ को नियंत्रित रखा बल्कि फ्रंट फुट पर नजर आई। बाद में अतिरिक्‍त पुलिस बल पहुंचा। जिले के वरीय अधिकारी भी पहुंचे। अपने कारनामे के लिए चर्चित रहे इस आइपीएस अधिकारी के अनुभव और सूझ-बूझ की चर्चा होती रही।

उपद्रवियों के आगे काफी कम थी पुलिस की संख्‍या 

दरअसल शुक्रवार को गुरारू थाना क्षेत्र के ददपा गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग हो गई थी। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन दोनों पक्षों के उपद्रवियों की संख्या के मुकाबले थाने से पहुंची पुलिस की संख्या काफी कम थी। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर पहुंचने में देर थी। पुलिस बेबस नजर आ रही थी। इसी बीच आइजी अमित लोढ़ा ने थानाध्यक्ष के मोबाइल पर वीडियो कॉल किया। वहां की स्थिति को देखा। फिर पब्लिक मूवमेंट के बीच स्थिति पर काबू पाने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश देने लगे।

आइजी की टिप्‍स का असर भी दिखा। इस बीच आइजी ने यह कहकर पुलिस का हौसला बुलंद रखा कि मुख्‍यालय से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने ही वाला है। बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गया के एएसपी मनीष कुमार, टिकारी की एसडीएम करिश्मा, एसडीपीओ नागेंद्र सिंह  भी मौके पर पहुंचे। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस बल को ददपा गांव में स्थित विद्यालय में रखा गया है। इधर शुक्रवार को उपद्रव के बाद गिरफ्तार किए गए छह लोगों को शनिवार को पुलिस जिला मुख्यालय ले गई । फिलहाल गांव में शांति है। पुलिस हर पहलू पर नजर रख रही है। मामले में अन्‍य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।