GAYA : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को लेकर कुमार मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल एवं रामपुर थाना के सहयोग से रविवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें गया शहर के रामपुर थाना क्षेत्र के गया कॉलेज मोड़ के पास बिना हेलमेट, सीट बेल्ट ओर ट्रिपल लोडिंग वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सतर्क किया गया। बिना हेलमेट पहने लोगों को हेलमेट पहनाया गया। सीट बेल्ट ना लगाए हुए लोगों का सीट बेल्ट बंधवाया गया। साथ ही आगे से यातायात नियमों के पालन का संकल्प दिलाया गया।
बच्चों के हाथ में न सौंपें वाहन की चाभी
अभियान का शुभारंभ कुमार अस्पताल के सीईओ डॉ. हर्ष कुमार ने किया। बगैर हेलमेट के वाहन चलाने वाले को गुलाब का फूल दिया। आगे से बिना हेलमेट का घर से ना निकलने की शपथ दिलाई। रामपुर के थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु को बच्चे को वाहन ना सौंपें। वाहन चेकिंग के दौरान सबसे ज्यादा बिना लाइसेंस के लोग पकड़े जाते हैं। इसलिए लाइसेंस बनवाकर ही गाड़ी चलाएं। सबसे ज्यादा जिम्मेदारी अभिभावकों की है। वे अपने नाबालिग बच्चों को गाड़ी की चाभी नहीं सौंपें। उन्हें यातायात नियमों के पालन को प्रेरित करें।