2021/02/06

मुजफ्फरपुर बंधन बैंक लूटकांड में शामिल शातिर समस्तीपुर के केशोपट्टी से गिरफ्तार..देसी कट्टा व दो कारतूस बरामद

DESK : समस्तीपुर के  मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम ने छापेमारी कर कई जिलों में लूट की घटना को अंजाम देने वाले कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मुफस्सिल थाना के रामपुर केशोपट्टी निवासी रामदेव सहनी के पुत्र राजेश सहनी के रूप में हुई है। 

उसके पास से एक देसी कट्टा व दो कारतूस बरामद हुए। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह का सदस्य है। समस्तीपुर समेत आसपास के कई जिलों में बैंक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कई जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी।

 बताया कि गुरुवार को सदर डीएसपी व मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने छापेमारी की तो उसने भागने का प्रयास किया। इसी क्रम में उसे दबोच लिया गया। एसपी ने बताया कि उसका आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मुजफ्फरपुर जिला के सकरा थाना अंतर्गत बंधन बैंक लूट की घटना को अंजाम दिया। इसके अलावा वैशाली के महुआ थानाक्षेत्र में सोना लूट, बेगूसराय के वीरपुर में बैंक लूट समेत लूटपाट की कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। 

मुफस्सिल व पूसा थाना में भी उस पर कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित पर वैशाली जिला के महुआ में हुए सोना लूटकांड, बेगूसराय जिला के वीरपुर में हुए बैंक लूटकांड, मुजफ्फरपुर जिला के सकरा थाना क्षेत्र में हुए बंधन बैंक लूटकांड, मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड व पूसा थाना में मामले दर्ज हैं।