MUZAFFARPUR : जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर बखरी गांव के समीप ढोली-भौसकोल मार्ग पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के चिमनापुर महमदा निवासी नागेंद्र राय के 18 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के रूप में की गई है।
घायल युवक का चल रहा इलाज :
अविनाश इंटर की परीक्षा देने समस्तीपुर जा रहा था जब यह दुर्घना हुई। उसके साथ मोटरसाइकिल पर लालाबाबू राम का 17 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार भी जा रहा था और वह इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज मुरौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
मुआवजे की मांग को लेकर 10 घंटे से अधिक रहा सड़क जाम :
इधर, मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के स्वजनों व ग्रामीणों ने 10 घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। वहीं जाूम कर रहे लोग स्थानीय प्रशासन से मुआवजा राशि तत्काल देने की मांग कर रहे थे।
दुर्घटना को लेकर किए गए जाम की सूचना मिलने पर पहुंचे सकरा थानाध्यक्ष के समझाने के बाद भी लोग नहीं माने। मौके पर पहुंचे मुरौल सीओ राजीव रंजन ने कहा कि घटना मुरौल प्रखंड सीमा क्षेत्र में हुई है। मुआवजे के सभी कागजात एसडीओ पूर्वी के माध्यम से समस्तीपुर जिलाधिकारी के पास भेजा जाएगा।
उसके बाद मृतक के स्वजनों को मुआवजा राशि दी जाएगी। सकरा थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी कागजात एसडीओ को भेजा जाएगा। प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार, रामाशंकर राय, शंकर शर्मा, रामकुमार राय आदि ने मृतक के स्वजनों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। 10 घंटे से अधिक समय के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।