DESK : कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाना इलाके के गांव नगला धीमर और नगला भिकारी में अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई को निकले सिढ़पुरा थाने के दारोगा और एक सिपाही की शराब माफियाओं ने घेरकर पिटाई की। उनकी वर्दी उतरवा दी और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से जमकर पिटाई की। लहूलुहान दरोगा और सिपाही को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन, सिपाही की मौत हो गई और दारोगा की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद यूपी के प्रशासनिक हमले में हड़कंप मच गया है। कासगंज में पुलिस अवैध शराब का कारोबार करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई करने गई थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस वारदात के बाद जब पुलिस टीम ने कॉम्बिग की तो दारोगा खून से लथपथ हालत में मिला जबकि अर्धनग्न हालत में मिले सिपाही की मौत हो गई है।
कासगंज के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव नगला धीमर में शराब माफियाओं ने दारोगा अशोक और सिपाही देवेंद्र को बंधक बना लिया। इसके बाद दारोगा और सिपाही को किसी अनजान जगह रख दिया। फिर पुलिस टीम उनकी तलाश करने लगी। इसी बीच दारोगा अशोक पुलिस टीम को लहूलुहान हालत में मिले। यह देखकर पुलिस टीम में हड़कंप मच गया।
चप्पे-चप्पे में की जा रही तलाशी के दौरान पुलिस की बाइक भी बरामद कर ली गई है। सिपाही देवेंद्र भी अर्धनग्न हालत में मिले। बाद में उनकी मौत की खबर सामने आई। बता दें कि सिपाही की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस टीम के साथ हुई इस घटना के बाद जनपद के अलग-अलग हिस्सों से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।