2021/02/01

बिहार बोर्ड पहली बार लेने जा रहा है 9वीं की वार्षिक परीक्षा, 26 फरवरी से 3 मार्च तक चलेगी,देखें वार्षिक परीक्षा के कार्यक्रम

PATNA : बिहार के सरकारी स्कूलों में अब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा 9वीं की वार्षिक परीक्षा ली जाएगी। इस साल होने वाली 9वीं की वार्षिक परीक्षा 2021 का कार्यक्रम बिहार बोर्ड ने जारी कर दिया है। परीक्षा 26 फरवरी से 3 मार्च तक होगी। प्रश्नपत्र और OMR शीट बोर्ड ही स्कूलों को उपलब्ध कराएगा, इसी आधार पर परीक्षा होगी। बिहार बोर्ड के सचिव ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को वार्षिक परीक्षा के कार्यक्रम के साथ इस आशय का पत्र भेज दिया है।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, शिक्षा विभाग के निर्देश पर 9वीं की वार्षिक परीक्षा ले रहा है। इसका उद्देश्य है कि मैट्रिक परीक्षा के पहले बच्चे इसके स्वरूप और पैटर्न से परिचित हो जाएं। बोर्ड के सचिव के अनुसार राज्य के लगभग 70 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राएं ग्रामीण परिवेश के विद्यालयों में पढ़ते हैं। ये पहली बार मैट्रिक परीक्षा के तौर पर ही किसी स्तरीय परीक्षा में शामिल होते हैं।

बोर्ड का मानना है कि ग्रामीण परिवेश से आनेवाले ये विद्यार्थी इस प्रकार की परीक्षा के स्वरूप से परिचित नहीं होते हैं। इस वजह से इनमें से कई विद्यार्थी सीधे समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक की परीक्षा देने के क्रम में अपनी मेधा का सही प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। इसलिए 9वीं की वार्षिक परीक्षा का आयोजन बिहार बोर्ड की ओर से कराया जा रहा है।