SAMASTIPUR : उजियारपुर थाने के लखनीपुर महेशपट्टी गांव के समीप चौर में बम विस्फोट की चपेट में आकर एक किशोरी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। जख्मी बबिता (13) लखनीपुर महेशपट्टी, वार्ड 12 के मोहन पासवान की पुत्री है।
घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार घास लाने के लिए चौर में गई बबिता के एक तेलहन के खेत मे कदम रखते ही जोर का विस्फोट हुआ जिससे वह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ी। विस्फोट की आवाज सुन पहुंचे ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों में चर्चा थी कि खेत में नीलगाय आदि जानवर को भगाने के लिए रखे गए पटाखा पर पैर पड़ने से विस्फोट गया होगा।
एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है जिससे बम विस्फोट की पुष्टि हो सके। बम विस्फोट की सत्यता जानने के लिए पुलिस लाइन से डिप सर्च मेटल डिटेक्टर मंगाकर जांच की जाएगी।