PURNIYA : बिहार के पूर्णिया में शराब तस्करों ने दो होमगार्डों को बोलेरो से कुचल दिया। इनमें से एक होमगार्ड गणेश पासवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा विद्यानंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। विद्यानंद कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के दालकोला चेक पोस्ट की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की ओर से शराब तस्कर बोलेरो में शराब लादकर ले जा रहे थे। तभी होमगार्ड गणेश और विद्यानंद ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। शराब तस्कर रुकने की बजाए दोनों जवानों को कुचलते हुए भाग निकले। भागने के दौरान ही बोलेरो गार्डनर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बोलेरो को बरामद कर लिया है।
बोलेरो से पुलिस को करीब 182 लीटर विदेशी शराब मिली है। उधर, होमगार्डों ने कहा कि दालकोला चेक पोस्ट पर उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। पूर्व में भी शराब तस्कर उन्हें कुचलने की कोशिश कर चुके हैं।