PATNA : पटना के सेंट कैरेंस स्कूल में आठवीं में पढ़ने वाले राहुल वर्मा को कुछ लड़कों ने छुट्टी के बाद स्कूल गेट से ही उठा लिया था। दो बाइक और एक स्कूटी पर सवार कुल आठ लड़के आए थे। राहुल को जबरदस्ती स्कूटी पर बैठाकर कंकड़बाग की ओर ले गए थे। राहुल को स्कूटी पर जबरदस्ती बैठाए जाते उसके पड़ोस की ही एक महिला ने देख लिया था। घटना की जानकारी राहुल के परिवार को हुई तो मामला रुपसपुर थाने पहुंचा।
राहुल वर्मा गोला रोड का रहने वाला है। उसे अगवा किए जाने का आरोप गायघाट इलाके में रहने वाले हर्ष नाम के लड़के पर लगा है। हर्ष को सेंट कैरेंस स्कूल से पहले निकाला जा चुका है। राहुल को हर्ष ने कुछ अन्य लड़कों के साथ मिलकर बाइक पर बैठाया था। उसे ऐसा करते राहुल की पड़ोस में रहने वाली एक महिला रेखा देवी ने देख भी लिया था। महिला ने राहुल की मां सुधा वर्मा को बताया कि उसे साथ में ले जाने वाले लड़के कह रहे थे - चलो...आज काट देते हैं तुमको। राहुल जाने से डर रहा था। फिर भी उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए।
रेखा देवी के बताने के बाद राहुल के घर में हड़कंप मच गया। मां सुधा वर्मा ने पिता अपोलो वर्मा को जानकारी दी। फिर परिवार ने रूपसपुर थाना को बताया। पुलिस मामले की जांच में लगी। उधर बात जब फैलनी शुरू हुई तो राहुल का एक दोस्त शांतनु भी सामने आया। उसने कहा कि राहुल की हर्ष से मारपीट हो चुकी है पहले। शांतनु ने ही अपने मोबाइल से हर्ष को कॉल भी किया। मामला पुलिस में गया देख, राहुल को अगवा करने वाले लड़के घबरा गए। हर्ष ने शांतनु से बात करते ही पुलिस को बताया कि वह राहुल को गाय घाट की और ले आया है। अब उसे वापस ऑटो में बैठाकर भेज रहा है।