2021/02/07

BIHAR : सांसद निधि के खाते से बदमाशों ने की 89 लाख रुपये की फर्जी निकासी, गृह मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

PATNA : बिहार के छपरा जिले के महाराजगंज लोकसभा सीट के भाजपा सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल इसके चुंगल में फंस गए है। शातिरों ने उनके सांसद निधि से 89 लाख रुपए निकाल लिए है। यह राशि महाराष्ट्र के अहमदनगर के किसी बैंक में भेजी गई है। अकाउंट से लाखों रुपए गायब होने पर केंद्रीय गृह सचिव ने बिहार के मुख्य सचिव से तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है। 

बताया जा रहा है कि सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल का खाता छपरा के हथुआ मार्केट के निकट बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में है। उनके अकाउंट से पैसे दो बार में निकाले गए हैं। पहली बार में 42 लाख और दूसरी बार में 47 लाख रुपए का चूना लगाया गया। माना जा रहा कि क्लोन चेक की मदद से पैसे निकाले गए हैं। रकम अहमदनगर जिले के बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से ट्रांसफर हुए है। चौंकाने वाली बात है कि फ्रॉड होने की जानकारी बैंक ने सांसद को भी नहीं दी।

मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। धोखाधड़ी होने पर सांसद जर्नादन सिंह ने कहा कि कुछ लोग क्षेत्र में रहे विकास में रुकावट डालना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री, वित्तमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की है। पैसे ट्रांसफर करने में जिला योजना अधिकारी, बैंक शाखा मैनेजर और अन्य अधिकारियों की मिली भगत की संभावना है। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी।