KATIHAR /SAMASTIPUR : कटिहार जिले में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में रोसड़ा के 6 लोगों की मौत के घन्टों बाद प्रशासनिक महकमा रोसड़ा के नायक टोली पहुंचा। सभी पीड़ित परिवारों से मिलते हुए रोसरा SDO ब्रजेश कुमार ने अपने हाथों से सभी आश्रित परिवार के लोगों को आपदा के तहत चार-चार लाख रूपए का चेक देकर सहायता राशि उपलब्ध कराया।
इस दौरान पीड़ित परिवार चीख-चीख कर अपने अपने लोगों को याद कर बेहोश होकर जमीन पर गिर जा रहे थे। जंहा स्थानीय लोगो के सहयोग से चेहरे पे पानी का छींटा देकर सभी लोगो को होश में लाया जा रहा था। हर आंखों में आंसू नजर आ रहा था, फफक-फफक कर लोग घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे रहे थे।
नायक टोले के सभी परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने के बाद प्रशासनिक महकमा सिंघीया थाना के लगमा गांव पँहुच मृतक संतोष साहू के पीड़ित परिवार से मिलकर चार लाख का चेक दिया।
जानकारी देते हुए रोसरा अनुमंडल पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित परिवारों के द्वारा सूचना मिलने पर कटिहार प्रशासन से घटना को लेकर जानकारी ली गई। जिसके बाद सभी पीड़ित परिवारों से मिलकर आपदा के तहत मिलने वाली चार-चार लाख का चेक देते हुए सहायता राशि उपलब्ध कराया गया है।
बता दें कि रोसड़ा के नायक टोली से मृतक शिवजी महतो के पुत्री की शादी को लेकर लड़का देखने सोमवार की दोपहर कटिहार जिले के फुलवरिया गए हुए थे.
मंगलवार की सुबह कटिहार जिले के एनएच 31 पर कुर्सेला थाना क्षेत्र में एक भीषण रोड हादसा हुआ। कोसी पुल पर एक स्कार्पियो व ट्रक की टक्कर हो गई। इस घटना में स्कार्पियो के चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। सभी मृतक समस्तीपुर जिले के रोसड़ा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित थे।
समस्तीपुर से कुछ लोग एक स्कार्पियो पर कटिहार आए थे। सभी एक शादी के रस्म में शामिल हुए। सभी लड़की पक्ष के लोग थे। इन लोगों ने कटिहार के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित फुलवरिया गांव एक लड़के के छेका किया। यहां से लौटने के दौरान मंगलवार की सुबह करीब छह बजे स्कार्पियो और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में स्कार्पियो चालक समेत छह लोगों की मौत वहीं हो गई। तीन जख्मी हैं।
मृतकों में शिवजी महतो, नंदलाल महतो, राजकुमार, अजय महतो, रामस्वरुप साह एवं संतोष कुमार शामिल हैं। घायलों में कैलाश महतो, अर्जुन महतो व सुनील महतो का इलाज फिलहाल कुरसेला पीएचसी में चल रहा है। तीनों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बताया कि प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों वाहन को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक और खलासी फरार हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के स्वजनों को भी दी। सूचना पाकर स्वजन वहां पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार सहित पूरे मोहल्ले में में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवार के लोग शव आने का इंतजार कर रहे हैं।


