2021/02/01

बिहार ब्रेकिंग : बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा में मुन्नाभाई गिरफ्तार....5 नकल में निष्कासित

PATNA : भागलपुर में मुन्ना भाई स्टाइल में एग्जाम देने आए एक स्टूडेंट को इन्विजलेटर ने पकड़ लिया। बांका जिला के सरोज कुमार (रोल नंबर -21010454 ) की जगह भागलपुर का राहुल कुमार एग्जाम देने आया था, जिसे पहली पाली में ही निष्कासित कर दिया गया। 

कदाचार के आरोप में भागलपुर से सोमवार को कुल 5 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। इसमें 2 परीक्षार्थी उच्च विद्यालय सबौर, 2 परीक्षार्थी बालिका विद्यालय, सबौर और मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय, नवगछिया से एक परीक्षार्थी शामिल हैं। इंटर की परीक्षा 1-13 फरवरी तक चलेगी।

दूसरे स्टूडेंट की जगह देने आया था परीक्षा
बांका जिला के फुल्लीडुमर थाने के डोमोडीह निवासी सरोज कुमार (रोल नंबर 21010454) की जगह परीक्षा देने के लिए भागलपुर का राहुल कुमार आया था। इन्विजलेटर ने जांच के दौरान उसे पकड़ लिया और जेल भेज दिया। वहीं, अमरेश कुमार को नकल करते हुए पकड़े जाने पर परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। 

इसके अलावा बालिका उच्च विद्यालय, सबौर में अजय कुमार और आकाश कुमार को नकल करने के आरोप में परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। दोनों भागलपुर के BM कॉलेज के छात्र थे। मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय, नवगछिया से एक छात्र को परची से नकल करने पर निष्कासित कर दिया गया। प्रथम पाली में 17,779 परीक्षार्थियों को शामिल होना था जिसमें 16,456 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। 323 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।