SAMASTIPUR : नगर थाना के सामने कर्पूरी बस पड़ाव के निकट महिला उपभोक्ता से शनिवार को चार लाख रुपये छिनतई मामले में गिरफ्तार युवक कोढ़ा गिरोह का शातिर सदस्य निकला। उसकी पहचान कटिहार जिले के रोहतारा निवासी शिव कुमार यादव के पुत्र धीरज कुमार ग्वाला के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की बाइक, 27 हजार नकद, एक मोबाइल व बाइक की लॉक तोड़ने का सामान बरामद हुआ है।
रविवार को नगर थाना परिसर में नगर थानाध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कोढ़ा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। शनिवार को गिरोह के चार सदस्य बैंक परिसर से ही महिला उपभोक्ता की रेकी कर रहे थे और कर्पूरी बस पड़ाव के निकट घटना को अंजाम दिया। घटना के एक दिन पूर्व शुक्रवार को यही आरोपित धीरज कुमार ग्वाला अपने तीन सहयोगियों के साथ मधुबनी जिला में था।
ये सभी मधुबनी जिला के लखनौर थाना अंतर्गत उमड़ी गांव में एक व्यक्ति से एक लाख रुपये छिनतई की। देर रात तक सहुरी ढाबा में रुके। सुबह में समस्तीपुर पहुंचे और महिला उपभोक्ता से चार लाख की छिनतई की। थानाध्यक्ष ने बताया कि कई जिलों में इसका नेटवर्क है। एक स्थान पर घटना को अंजाम देकर तत्काल अपना ठिकाना बदल लेता है। पुलिस हिरासत में आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है।
अपने तीन अन्य सहयोगी जैन यादव, राजू यादव और विशाल यादव का नाम भी बताया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार, कुमार प्रमोद समेत सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।
शनिवार देर शाम बाइक सवार चार की संख्या में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला उपभोक्ता से चार लाख रुपये से भरा बैग छिन कर भाग निकले। सूचना मिलते ही तत्काल नगर थाना की पुलिस टीम ने भाग रहे बदमाशों का पीछा कर एक शातिर को दबोच लिया। इस बाबत पीड़िता खानपुर थाना क्षेत्र के शोभनडीह निवासी साफिया खातून के पति तनवीर ने नगर थाना में एक आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि उसने बैंक से चार लाख रुपये ऋण लिया था। रुपये निकासी कर पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। इस क्रम में कर्पूरी बस पड़ाव के निकट बाइक सवार बदमाशों ने पत्नी के हाथ से रुपये से भरा छिन कर भाग निकले।