2021/02/28

फंदे से लटका मिला युवक का शव... 2 मार्च को मिलने आने वाले थे लड़की वाले...युवक की शादी होने वाला था

PALAMU : रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ बाजार के पास कुसुम टोला में एक क्षतिग्रस्त घर से रविवार को एक युवक की लाश बरामद की गई। 

युवक की लाश एक फंदे से लटक रही थी। यह हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुलिस फिलहाल जांच कर रही है। युवक की शादी की बात चल रही थी और 2 मार्च को लड़की वाले उससे मिलने गांव आने वाले थे।

मृतक की पहचान मंटू भुईया (23) के रूप में की गई। मंटू पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी किया करता था। ग्रामीणों के अनुसार, युवक का व्यवहार काफी सरल था।

 बीते मंगलवार को ही मंटू के परिजन उसकी शादी के लिए लड़की से मिलने गढ़वा गए थे। इसके बाद लड़की वाले 2 मार्च को मंटू से मिलने आने वाले थे।

मंटू गांव में लगे एक सर्कस को देखने गया था। रात करीब 10 बजे वो वहां से घर के लिए निकला। पर रातभर मंटू घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने इधर-उधर पता लगाया पर कुछ जानकारी नहीं हो सकी। सुबह उसके घर से महज 100 फीट की दूरी पर भवनाथ भुईया के क्षतिग्रस्त घर में मंटू की लाश बरामद की गई।