BHAGALPUR : भागलपुर में इंटर की परीक्षा आज सुबह 9:30 बजे से शुरू हो चुकी है। बिहार बोर्ड द्वारा जारी निर्देश में परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से दस मिनट पहले आने को कहा गया था। लेकिन, राजकीय बालिका इंटर विद्यालय में परीक्षा शुरू होने के 25 मिनट बाद पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं करने दिया गया है। सुल्तानगंज से परीक्षा देने आईं सीता कुमारी और जुली कुमारी ने बताया कि रास्ते में बाइक खराब हो गयी थी। इस कारण देर हो गई। गेट पर खड़े सिपाही ने उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से मना कर दिया। परिजनों ने बताया कि कई बार आरजू करने के बाद भी केंद्र पर तैनात सिपाही नहीं मानें।
भागलपुर में 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए
जिले में 49 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 43722 परीक्षार्थी को शामिल होना है। इसमें 23693 और 20029 छात्र शामिल हैं। भागलपुर सदर अनुमंडल में 38 परीक्षा केंद्र, नवगछिया में 6, कहलगांव में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से सदर अनुमंडल में छात्राओं के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं। बिहार बोर्ड ने सभी केंद्रों पर कोविड गाइडलाइन का पालन करवाने का निर्देश दिया था। लेकिन, भागलपुर के जिला स्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ते ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ने लगी। हालांकि, स्कूल के मेन गेट पर खड़े कर्मचारी हॉल के अंदर प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों का थर्मल स्क्रीनिंग करते दिखे।

छात्राओं कें परीक्षा केंद्र पर महिला मजिस्ट्रेट तैनात
छात्राओं के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्र पर अलग से महिला मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। सदर अनुमंडल में छात्राओं के लिए बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों पर एक-एक महिला मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जोनल मजिस्ट्रेट और सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी भ्रमण करते दिखे। परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
केंद्रों पर हर घंटे हो रही है बाथरूम की जांच
परीक्षा शुरू होने के 1 घंटा 15 मिनट के बाद ही परीक्षार्थियों को कक्ष छोड़ने की इजाजत है। इससे पहले कोई भी परीक्षार्थी कक्ष नहीं छोड़ सकते हैं। प्रशासन के अनुसार परीक्षा कदाचार मुक्त हो इसके लिए हर घंटे जिले के सभी केंद्र पर बाथरूम की जांच हो रही है। प्रत्येक 25 परीक्षार्थी पर 1 वीक्षक तैनात हैं। 4 वीक्षकों पर 1 रिलीवर की व्यवस्था केंद्राधीक्षकों द्वारा की गई है।
परीक्षा केंद्र के लिए केंद्राधीक्षक जिम्मेवार
बिहार बोर्ड के अनुसार परीक्षा केंद्र के लिए केंद्राधीक्षक जिम्मेवार होंगे। वे खुद प्रश्न पत्र का पैकेट रिसीव करेंगे। इनकी मौजूदगी में ही केंद्र पर परिक्षार्थियों की जांच होगी। केंद्राधीक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर के पास मोबाइल होंगे। मोबाइल एप से ही अनुपस्थिति की सूचना बोर्ड को भिजवाएंगे। नकलची पकड़ाने पर कार्रवाई करेंगे।