ARA : आरा के गड़हनी में सहंगी मोड़ के पास मंगलवार की रात मैट्रिक परीक्षार्थियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 1 परीक्षार्थी मौत हो गई, जबकि ऑटो पर सवार 9 परीक्षार्थी जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी और सदर अस्पताल आरा भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दिनेश कुमार की पहचान सिकरहटा के कला गांव निवासी मंगरु चौधरी के बेटे के रूप में की गई है।
वह खूब पढ़ना चाहता था, आगे बढ़ना चाहता था मां बाप के सपनों को पूरा करना चाहता था, घर की जिम्मेदारियों को अपने कंधों पर उठाना चाहता था। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था दिनेश, मां-बाप का दुलारा था दिनेश। पापा को बहुत उम्मीद थी उससे, पर अब वह उम्मीदें कभी पूरी नहीं होंगी। क्योंकि अपने सपनों को पूरा करने मैट्रिक परीक्षा देने गया दिनेश अब कभी घर नहीं लौटेगा।मंगलवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।
ये हैं जख्मी
घायलों में सिकरहटा कला गांव के गौतम कुमार, श्रवण कुमार सिकरहटा खुर्द गांव निवासी दीपक कुमार,नीरज कुमार और पांच अन्य लोग घायल हैं। परीक्षार्थियों का आरा के जैन कॉलेज में मैट्रिक परीक्षा का सेंटर था। सभी आरा में ही एक किराए के मकान में रहकर परीक्षा दे रहे थे। मंगलवार शाम को परीक्षा खत्म के बाद ऑटो रिजर्व कर आरा से अपने-अपने गांव लौट रहे थे। इसी बीच सहंगी मोड़ के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
मृतक के पिता मंगरु चौधरी ने बताया कि उनके बेटे दिनेश ने 8 बजे फोन पर कहा कि वह ऑटो पर चढ़ गया है, 1-2 घंटे में गांव पहुंच जाएगा। मां खाना बनाकर इंतजार कर रही थी कि आने के बाद हम सभी परिवार के लोग एक साथ बैठकर खाना खाएंगे। इसी बीच दुर्घटना की खबर मिली।
मजदूरी कर घर चलाने वाले मंगरु चौधरी को बेटे से बड़ी उम्मीद थी। वो बिलखते हुए कहते हैं मेरा दाहिना हाथ था दिनेश। कहता था पापा मन लगाकर खूब पढ़ूंगा और बड़ा आदमी बनूंगा, फिर आप आराम से रहना। अब मेरे सपनों को कौन पूरा करेगा। बेटे की मौत के बाद मां भी बेसुध है, तो भाई बहनों को रो-रो कर बुरा हाल है