SARAN : सोनपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी इलाके में कैरेज विभाग की पुरानी बिल्डिंग तोड़ने का काम चल रहा है। इस दौरान एक मजदूर 15 फीट नीचे गड्ढे में गिर गया, उसके ऊपर पूरी तरह से मिट्टी भर गया।
4 फीट मिट्टी की मोटी परत के नीचे मजदूर के दबते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में करीब 500 की संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने जेसीबी के सहारे से मजदूर को रेस्क्यू करके बाहर निकाला।बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है।
रेलवे की ओर से बेगूसराय जिले के किसी कांट्रेक्टर को निर्माण कार्य की जिम्मेवारी दी गई है। गड्ढे से निकाले गए मजदूर का नाम राजा कुमार है, वह बेगूसराय के बरौनी का रहनेवाला है। निर्माणस्थल के पास जुटे स्थानीय लोगों का कहना है कि काम शुरू हुए लगभग 15 बीत गए हैं। लेकिन यहां कार्यस्थल की घेराबंदी नहीं की गई है, कोई सेफ्टी इंजीनियर की भी तैनाती नहीं है।
लोगों के मुताबिक निर्माण कार्य के दौरान मानक का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मजदूरों को न तो हेलमेट प्रदान किया गया है और न ही अलग से कोई ड्रेस। अक्सर बिल्डिंग को तोड़ते समय उसका मलबा बीच सड़क पर गिर जाता है, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है।
हादसे के बाद भीड़ की वजह से सोनपुर-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर करीब 1 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।