2021/02/19

दुल्हन गिरफ्तार.....शादी के 10 दिन बाद पति को मार डाला....दुल्हन को लड़का पसंद नहीं था

DESK : झारखंड के गुमला में एक नई नवेली दुल्हन ने शादी के 10 दिन बाद ही अपने पति की पत्थर से कूच कर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया। यह घटना गुमला जिले के कामडारा प्रखंड क्षेत्र के बेतेरकेरा गांव की है। जहां बिना लड़की की मर्जी से उसकी शादी कराने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि इस मामले में आरोपित लड़की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

कुरकुरा थाना प्रभारी छोटू उरांव ने बताया कि सुरसांग बनटोली निवासी संजय तोपनों की 5 फरवरी को कामडारा प्रखंड क्षेत्र के ही गांव बेतेरकेरा निवासी सनियारो सुरीन के साथ शादी हुई थी। यह शादी बिना लड़की के मर्जी के हुई थी। 11 फरवरी को बहुराता के रुप में लड़का लड़की के गांव बेतेरकेरा गया था। इसी दौरान 16 फरवरी को उसकी पत्नी उसे बेर खिलाने व सब्जी तोड़ने के बहाने अपने चाचा के खेत ले गई। और मौका पाकर पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुंए में फेंक दिया।

सनियारों सुरीन ने परिजनों को बताया था कि वह इस शादी से खुश नहीं है। बावजूद इसके परजिनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी कर दी। हालांकि वारदात को अंजाम देने के बाद उसने पुलिस से बचने के लिए रोने-धोने का नाटक भी किया। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पूरी कहानी बताई। पुलिस ने सनियारों सुरीन को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है।