बोर्ड की तैयारी पहले दिन फेल
बिहार बोर्ड की तैयारी पहले ही दिन फेल रही। बोर्ड का दावा था कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2021 में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड 10 जनवरी को जारी कर दिया जाएगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनन्द किशोर ने बताया है कि एडमिट कार्ड समिति की वेबसाइट biharboardonline.com पर 10 जनवरी से अपलोड रहेगा, जिसके आधार पर विद्यार्थी वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2021 तथा इस परीक्षा हेतु इंटरनल एसेसमेंट/ प्रायोगिक परीक्षा में भी सम्मिलित होंगे। यह एडमिट कार्ड सेंटअप परीक्षा में उत्प्रेषित विद्यार्थियों के लिए मान्य है। इस परीक्षा में अनुपस्थित/अनुतीर्ण एवं नॉन-उत्प्रेषित विद्यार्थी को विद्यालय द्वारा एडमिट कार्ड जारी नही किया जाएगा।
ऐसे करना था एडमिट कार्ड को डाउनलोड
माध्यमिक स्तर के शिक्षण संस्थानों की प्रधान समिति को उक्त वेबसाइट पर जाकर अपने यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से 10 जनवरी से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर अपने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को अपने हस्ताक्षर एवं मुहर के साथ प्राप्त कराने थे, ताकि विद्यार्थी इंटरनल एसेसमेंट/ प्रैक्टिकल परीक्षा एवं सैद्धांतिक परीक्षा में सम्मिलित हो सकें और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
कैसे मिले मदद, नंबर पर रिस्पांस नहीं
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर समिति के हेल्पलाइन नंबर- 0612-2232074, 2232257 पर संपर्क किया जा रहा है लेकिन इसपर भी कोई रिस्पांस नहीं मिल रहा है। दोनों में से किसी भी नंबर पर बात नहीं हो पा रही है। दैनिक भास्कर ने वेबसाइट के साथ नंबरों की क्रास चेकिंग की तो बिहार बोर्ड के दावे के मुताबिक किसी माध्यम से भी मदद नहीं मिल रही है।
17 फरवरी से होनी है परीक्षा
बिहार बोर्ड ने जो कार्यक्रम बताया है उसके अनुसार इंटरनल एसेसमेंट/प्रैक्टिकल परीक्षा का आयोजन 20 जनवरी से 22 जनवरी तक किया जाएगा तथा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा का आयोजन दिनांक 17 फरवरी से 24 फरवरी तक किया जाएगा