2021/01/29

SAMASTIPUR में आक्रोशित दैनिक सफाई कर्मियों ने नप कार्यालय को घेरा,11 सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे थे सभी

SAMASTIPUR : नगर परिषद के दैनिक कर्मचारियों को इपीएफ की राशि खाते पर जमा करने समेत पूर्व से लंबित मांगों के समर्थन में स्थानीय निकाय कर्मचारियों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को भी कार्य का बहिष्कार करते हुए दैनिक सफाई कर्मी व मजदूरों ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया। 

प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद प्रशासन और प्रधान लिपिक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे सभी नप प्रशासन से लंबित 11 सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संगठन के जिला सचिव लालबहादुर साह ने दैनिक सफाई कर्मियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। 

कहा कि विरोध प्रदर्शन के बाद 18 जनवरी को नगर परिषद के प्रशासनिक भवन में नगर प्रशासन और संगठन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधियों के बीच 11 सूत्री मांगों को लेकर एक वार्ता हुई थी। इसमें नगर प्रशासन ने मांगों पर विचार करते हुए एक माह के निश्चित अंतराल के बीच कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अद्यतन करने, दैनिक मजदूर की इपीएफ की राशि जमा करने, स्थायी कर्मचारियों का पीएफ की राशि का विपत्र जमा करने, पेंशन योजना के लिए विभाग से पत्राचार करने, वर्ष 2007 के एक माह का बकाया वेतन भुगतान करने, बकाया बारह माह के वेतन के विरुद्ध एक माह के वेतन भुगतान करने की प्रकिया शुरु करने का आश्वास दिया था। इसके लिए एक कमेटी भी बनाई गई थी।

लेकिन, अबतक समस्या का समाधान नहीं हो सका। नगर परिषद प्रशासन की उदासीनता से बाध्य होकर सभी दैनिक सफाई कर्मी व मजदूर आंदोलन को विवश हो गए हैं। जिलाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि मांगें पूरी होने तक सभी कर्मी अनिश्चिकालिन हड़ताल पर रहेंगे। मौके पर चंद्रकला देवी, मीरा देवी, संजू देवी, रेखा देवी, सुरेखा देवी, पनमा देवी, ममता देवी, चुनचुन राम, रमेश, छोटेलाल राम, प्रमोद राम, दिलीप राम, सुरेन्द्र राम, गणेश ठाकुर, परमानंद कुशवाहा, संजीव कुमार समेत काफी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।

चरमराई साफ सफाई की व्यवस्था

दैनिक सफाई कर्मियों के हड़ताल से शहर में साफ सफाई की व्यवस्था चरमरा गई है। कूड़ा उठाव नहीं होने से जगह जगह कचरे का अंबार जमा है। मुहल्ले में भी गंदगी का अंबार जमा है। बतादें कि शहर में प्रतिदिन करीब 20 से 25 टन कचरे का उठाव किया जाता है। नगर परिषद के सभी 29 वार्डों में डोर टू डोर कचरे का उठाव किया जाता है। लेकिन, गत दो दिनों से कर्मियों के हड़ताल से साफ सफाई की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है।