2021/01/19

कॉलेज संचालक पर लगा युवती की मर्डर का आरोप...परिजन बोले- एकतरफा प्यार में उतारा मौत के घाट

DESK : सतना जिले के चित्रकूट में रविवार को हुए डबल मर्डर केस में मृतक युवती के परिजनों ने एक प्राइवेट कॉलेज के संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि एक तरफा प्यार में कालेज संचालक पुष्पराज सिंह ने उनकी बेटी और उसके साथी की हत्या कर दी.

रविवार को चित्रकूट के नयागांव थाना क्षेत्र में चलती कार को ओवरटेक कर कार सवार युवक युवती को गोली मारे जाने के बाद सोमवार को युवक और युवती के स्वजनों ने शव पोस्टमार्टम के बाद अपने घर ले गए। 

इसके पूर्व आरोपितों को पकड़ने का दबाव बनाते हुए युवती के स्वजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था लेकिन पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस वारदात के बाद नए खुलासे भी सामने आ रहे हैं।

दरअसल मृतक युवक उत्तर प्रदेश हमीरपुर निवासी 35 वर्षीय अनुज कुमार दीक्षित और मृतक युवती सतना अमौधा निवासी 25 वर्षीय प्रिया सिंह के बीच प्रेम प्रसंग था। ये दोनों चित्रकूट जा रहे थे तभी रास्ते में एक अन्य वाहन ने ओवरटेक कर गुप्त गोदावरी से एक किलोमीटर आगे रजैला में कार को फिल्मी अंदाज में पहले चके में 12 बोर की राइफल से गोली मारी गई। जिससे कार पलट गई और उसके बाद युवती को गोली मार दी गई। 

वहीं जान बचाकर भाग रहे युवक को भी गोली मार दी गई। युवती के पिता ने इस घटना में पड़ोसी पर ही हत्या का आरोप लगाया है। युवती के पिता पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार उनका पड़ोसी पुष्पराज सिंह मृतक युवती से एकतरफा प्यार करता था। मृतिका कथित आरोपित के मैहर स्थित कॉलेज में शिक्षिका भी थी लेकिन वह उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था जिससे परेशान होकर उसने नौकरी भी छोड़ दी थी। 

युवती के पिता ने पुलिस को बयान दिया है कि उसने पूर्व में महिला थाना सहित सिविल लाइन थाने में भी शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी से रंजिश के तहत आरोपित कॉलेज संचालक पुष्पराज सिंह ने ही उनकी लड़की की हत्या कराई है। इस दौरान उसके साथी की भी हत्या हो गई।

संदेही फरार, पुलिस तलाश में जुटी 

 घटना के बाद जिस संदेही कॉलेज संचालक पर युवती के स्वजन आरोप लगा रहे हैं वह घटना के बाद से ही फरार है। इसके कारण पुलिस का भी शक मजबूत हो गया और उसने आरोपित के संभावित घर, ठिकानों पर दबिश दी है। 

इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपित व उसके बेटों की भी गिरफ्तारी के लिए सभी जगह पुलिस टीम रवाना की हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे जांचे जा रहे हैं। इस पूरे दोहरे हत्याकांड का खुलासा जल्द पुलिस द्वारा किया जा सकता है।