DESK : गणतंत्र दिवस 2021 पर राजपथ पर परेड से बिहार का नाम देश-दुनिया में रोशन हुआ. ब्रह्मोस मिसाइल दस्ते का नेतृत्व बिहार के मूल निवासी कैप्टन मो. कमरूल जमां ने किया तो वहीं बिहार की बेटी फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ ने भारतीय वायु सेना की झांकी में हिस्सा लेने वाली पहली महिला फाइटर पायलट बनीं.
देश सेवा के जज्बे के साथ सेना से जुड़े कैप्टन जमां
कैप्टन मो. कमरूल जमां ने प्रभात खबर से बातचीत में बताया कि बचपन से देश की सेवा करने की इच्छा थी. सैन्य बलों का अनुशासन और देश सेवा की भावना देख कर प्रभावित होता था. बचपन में ही ठान लिया था कि सेना में जाना है. इसी सोच के साथ 12वीं करने के तुरंत बाद सेना ज्वाइन कर लिया. गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड में ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम दस्ते को लीड करने का अवसर मेरे लिए गर्व की बात है. मेरे लिए सबसे पहले और सबसे बढ़कर देश सेवा है.
हिमांशु ने गाया राजपथ पर गाना
हिमांशु ने गीतकार मनीष प्राण द्वारा रचित गीत 'भारत हो रहा आत्मनिर्भर...' को अपना स्वर दिया. इसका संगीत दिया शरत श्रीवास्तव. हिमांशु के गायन का सीधा प्रसारण हुआ. दुनिया भर के 140 देशों में इसका प्रसारण हो रहा था. इस गीत के जरिये कोरोना काल में कठिन दौर से गुजर रहे देश और देशवासियों का उत्साह बढ़ाने का संदेश दिया गया है, ताकि युवा वर्ग आत्मनिर्भर भारत की भावना से ओतप्रोत हो.
समस्तीपुर के मध्य विद्यालय कल्याणपुर बस्ती की शिक्षिका लल्ली देवी यादव के पुत्र हिमांशु ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा मां से प्राप्त फिलहाल वह दिल्ली के एक निजी विद्यालय में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं.