2021/01/18

पेट्रोल पंप पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया ,हथियार भी बरामद

DARBHANGA : जाले थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर कदम चौक पर पेट्रोल पंप पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से दो देसी कट्टे, दो देसी पिस्टल, 11 कारतूस, दो खोखे, तीन बाइक एवं 10 मोबाइल सेट जब्त किया गया है।

एसएसपी बाबू राम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15 जनवरी को दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने पेट्रोल पंप लूटने की कोशिश की थी एवं फायरिंग भी की थी। पेट्रोल पंप के मालिक एवं स्टाफ ने बहादुरी का परिचय दिखाते हुए भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया। 

जैसे ही उक्त घटना की सूचना उन्हें मिली, उन्होंने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सदर एसडीपीओ, जाले, कमतौल, सिमरी, सिंहवाड़ा के थाना अध्यक्ष एवं तकनीकी शाखा को कांड के खुलासा में लगा दिया गया।

एसएसपी ने बताया कि सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया एवं गुप्तचरों से प्राप्त सूचना के आधार पर सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा निवासी बजरंगी कुमार साह, कटका निवासी मो. अनवर, भरवाड़ा निवासी रवि कुमार एवं कमतौल थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि घटना को अंजाम देने में छह लोग शामिल थे। दो बाइक पर सवार अपराधी अनवर, बजरंगी, नवीन तथा रंजीत यादव द्वारा घटना को अंजाम दिया गया तथा दो व्यक्ति रवि तथा निजानंद बजरंग चौक पर खड़े होकर पुलिस की गतिविधि एवं घटना की जानकारी से अपराधियों को अवगत करा रहे थे। एसएसपी ने बताया कि इस कांड का अनुसंधान एक सप्ताह में पूर्ण कराते हुए स्पीडी ट्रायल चलाने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन समर्पित किया जाएगा एवं स्पीडी ट्रायल चलाकर अपराधियों को सजा दिलाई जाएगी।

पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा

एसएसपी ने बताया कि इस कांड के खुलासा एवं बरामदगी में शामिल नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार प्रसाद, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर बसंत कुमार झा, जाले, कमतौल, सिंहवाड़ा, सिमरी और तकनीकी शाखा के पुलिस कर्मियों को पुरस्कार के लिए पुलिस मुख्यालय को अनुशंसा भेजी जाएगी। एसएसपी ने बताया कि अनवर, रवि और बजरंगी का काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वे वाहन चोरी, गृह चोरी तथा राह चलते व्यक्तियों को झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने एवं अन्य घटनाओं को अंजाम दिया करते थे।

पेट्रोल पंप मालिक के करीबी का था हाथ