GAYA : गया के शेरघाटी में एडमिट कार्ड नहीं मिलने से BSc और BA की छात्राओं का गुस्सा फूटा। विजय शंकर राय महिला कॉलेज की छात्राएं कैंपस से निकलकर सड़क पर उतर आईं और जमकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इससे GT रोड बुरी तरह से जाम हो गया और करीब 3 किमी तक गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।
ढाई घंटे तक छात्राओं ने जमकर बवाल मचाया, जिसके बाद शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची। महिला कॉन्स्टेबल ने मामला शांत कराने का प्रयास किया लेकिन परीक्षा छूटने से उनका गुस्सा सातवें आसमान पर था। इसके बाद SDO वहां पहुंचे। उन्होंने शेरघाटी थाना में FIR दर्ज कराने के बाद ही दम लिया।
परीक्षा छूटने से फूटा गुस्सा
विजय शंकर राय महिला कॉलेज प्राइवेट संस्थान है। BSc और BA पार्ट वन का एग्जाम मंगलवार से शुरू होना था। कॉलेज ने छात्राओं को एडमिट कार्ड ही नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें एग्जाम में बैठने नहीं दिया गया। कॉलेज की इसी लचर व्यवस्था से छात्राएं आक्रोशित हो गईं और GT रोड को जाम कर दिया। दोनों संकायों में कुल 500 छात्राएं हैं। उनका आरोप है कि पिछले दो दिनों से वे एडमिट कार्ड प्रबंधन से मांग रहीं हैं, लेकिन उन्हें एग्जाम के दिन तक कार्ड नहीं दिया गया। जब एग्जाम छूट गया तो छात्राओं का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया।
बवाल देख डायरेक्टर हुआ फरार
छात्राएं जब जमकर बवाल करने लगीं तो स्थानीय पुलिस और लेडीज कॉन्स्टेबल घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहां मामला बिगड़ता देख कॉलेज के डायरेक्टर मुकेश कुमार फरार हो गए। भविष्य के साथ खिलवाड़ को लेकर छात्राएं उबल रहीं थीं इसलिए मौके की नजाकत को देखते हुए डायरेक्टर वहां से भाग खड़ा हुआ।
पुलिस के साथ SDO भी पहुंचे
छात्राओं ने ढाई घंटे तक अनुमंडल कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ महिला कॉन्स्टेबल भी मामले को शांत कराने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। इस मौके पर SDO भी पहुंचे लेकिन छात्राएं नहीं मानीं और उन्होंने शेरघाटी थाना में जाकर कॉलेज के खिलाफ FIR दर्ज कराया। पिछले साल इसी कॉलेज की इंटरमीडिएट की छात्राओं ने एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर हाइवे जाम कर दिया था और FIR भी दर्ज कराया था। हालांकि, उस मामले में अभी तक कुछ हो नहीं पाया है।