MUZAFFARPUR : बिना घोषणा के सोमवार को मुजफ्फरपुर-देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रेस ने चार नंबर प्लेटफार्म से अचानक रफ्तार पकड़ ली। इस कारण यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। यह ट्रेन दोपहर करीब एक बजे चार नंबर प्लेटफॉर्म पर प्लेस हुई थी। इस बीच तीन नंबर प्लेटफॉर्म पर नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन पहुंची। मेंटेनेंस के कारण वह थोड़ी देर तक रुकी रही। फिर हरी झंडी मिलते बरौनी की ओर रवाना हो गई।
नहीं काम कर रहा कोच इंडिकेशन बोर्ड
यात्रियों को कोच इंडिकेशन बोर्ड से बोगियों की जानकारी जल्द मिल जाती है। इससे रेल यात्रियों को आसानी होती है लेकिन सोमवार को तीन-चार नंबर प्लेटफॉर्म पर यह काम नहीं कर रहा था। बोगियों की जानकारी के लिए यात्री एक-दूसरे से पूछते रहे।
कुहासे ने थामी रफ्तार, कई ट्रेनें हुईं लेट
कुहासे के कारण कई ट्रेनें मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सोमवार को काफी लेट से पहुंचीं। आने वाली आधा दर्जन ट्रेनें सोमवार को काफी देर से पहुंचीं। ट्रेन नंबर 09602 न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर स्पेशल एक घंटा, ट्रेन नंबर 02554 नई दिल्ली-सहरसा स्पेशल 2.30 घंटे, ट्रेन नंबर 04652 अमृतसर-जयनगर स्पेशल 3.50 घंटे, ट्रेन नंबर 025621 नई दिल्ली-जयनगर स्पेशल 5 घंटे लेट से पहुंची। इस कारण रेल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री ट्रेनों के इंतजार में जंक्शन पर ठंड में ठिठूरते रहे। वहीं आने वाले यात्रियों के स्वजन इंतजार में इधर-उधर पोर्टिको में टहलते रहे। ट्रेनों के लेट लतीफी की शिकायत भी स्टेशन प्रबंधक से की गई।
Input-dainik jagran