2021/01/11

समस्तीपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े मुखिया को गोली मारकर किया था हत्या,मंत्री को राखी बांध हत्यारों को सजा दिलाने की लगाई गुहार

SAMASTIPUR : वारिसनगर गोही पंचायत के दिवगंत मुखिया राजेश की बड़ी बहन नीलम देवी ने वीआईपी के अध्यक्ष व राज्य के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी की कलाई पर राखी बांध भाई के न्याय के लिए गुहार लगाई। इस पर मंत्री ने हत्यारों को गिरफ्तार कराने और सजा दिलाने में हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया।

वीआईपी के अध्यक्ष व राज्य के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी रविवार शाम गोही पंचायत के दिवगंत मुखिया राजेश कुमार सहनी के परिजनों से मुलाकात करने गये थे। पहुंचने के बाद उन्होंने पहले दिवगंत मुखिया के चित्र पर पुष्पअर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 

उसके बाद परिजनों से घटना के सबंध में जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि मुखिया की हत्या हुए पखवारे बीत चुका है अब तक एक भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दो दिन के अंदर किसी की गिरफ्तारी नहीं होने पर वे मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी संबंधी की गयी पुलिसिया कार्रवाई के सबंध में जानकारी लेने के लिए मंत्री ने डीएसपी को भी खोजा। 

उनकी अनुपस्थिति में इंस्पेक्टर कुमार ब्रजेश ने मंत्री को बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी को कार्रवाई जारी है। मामले का वैज्ञानिक ढंग से अनुसंधान भी किया जा रहा है। मौके पर वीआईपी के विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, मीडिया प्रभारी सुमित सहनी आदि थे। 

बता दे कि 24 दिसम्बर को दिनदहाड़े मुखिया राजेश कुमार सहनी को बदमाशों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया था। इलाज के दौरान 1 जनवरी की सुबह पटना में उनकी मौत हो गई थी।