MOTIHARI : मोतिहारी में पिपराकोठी-गोपालगंज NH-27 पर मठ बनवारी चौक के पास एक स्कार्पियो सवार युवक की लाश मिली है। मृतक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के अंबिका नगर निवासी कृपाकांत सिंह के 30 वर्षीय पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ टूटू सिंह के तौर पर हुई है। वह बरियारपुर में महिंद्रा फर्स्ट चॉइस नाम से पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था। वारदात सोमवार दोपहर की है। पुलिस ने फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया है।
संदिग्ध हाल में मिला अभिषेक का शव
पिपराकोठी पुलिस को बनवारी चौक के समीप एक स्कॉर्पियो सवार युवक को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले युवक को स्कॉर्पियो से निकाल एक दूसरी गाड़ी में लादकर इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सदर अस्पताल भेजकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया।
पिपरा कोठी थानाध्यक्ष ने बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो मृतक की गाड़ी स्टार्ट थी तथा गेट लॉक था। गोली उसके सर में दाहिने तरफ से मारी गई थी। गाड़ी के डैशबोर्ड पर एक खोखा पड़ा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। अभिषेक के जांघ पर एक पिस्टल रखा मिला है, जो लोडेड है। दोनों को जांच के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने हत्या की बात कही
अभिषेक की मौत की सूचना पर उसके परिजन निजी नर्सिंग होम पहुंचे और हंगामा करने लगे। परिजनों ने आशंका जताई है कि अभिषेक की पुरानी दुश्मनी में गोली मारकर हत्या की गई है। वह किसी रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में भाग लेने कोटवा की तरफ जा रहा था। हत्या के बाद बदमाशों ने उसके पैर पर पिस्टल रख दिया ताकि आत्महत्या का रूप दे सकें। परिजनों के अनुसार 3 वर्ष पहले ही अभिषेक की शादी हुई थी। उसे एक साल का बच्चा भी है।
इधर पुलिस के अनुसार मामले में हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल पर जांच की जा रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
INPUT-DAINIK BHASKER