2021/01/07

बिहार में प्रेम विवाह की अनूठी कहानी : मर्जी से शादी की, अब घर बसाना चाहती हूं

BHAGALPUR : पड़ोस के गांव किशनपुर अमखोरिया के संदीप कुमार उर्फ संजीव से प्रेम विवाह कर बुधवार को सजौर की युवती ब्‍यूटी कुमारी शादी के जोड़े में एसएसपी के पास पहुंच गई। एसएसपी निताशा गुडिय़ा से कहा कि मैं बालिग हूं। अपनी मर्जी से शादी की हूं। अब संदीप के साथ घर बसाना चाहती हूं। लेकिन, मेरे घरवाले संदीप को झूठे केस में उलझा रहे हैं। उसपर सजौर थाने में झूठा केस कर रखा है, जिससे पति भयभीत हैं। घरवालों से जान-माल के नुकसान का भी खतरा है। मुझे न्याय चाहिए। एसएसपी ने युवती को महिला पुलिस की सुरक्षा में रखते हुए सजौर थाने को आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।

अब जीना-मरना संदीप के संग, प्रेम के आगे हारी मां की ममता

युवती पर अंतर जातीय विवाह को खत्म कर घर लौटने का दबाव भी बनाया गया। लड़की की मां ने बेटी को मनाने की हर संभव कोशिश की। ममता की दुहाई दी लेकिन प्रेम के आगे मां की ममता भी हार गई।  युवती ने साफ कह दिया कि अब जीना-मरना संदीप के संग है।

अब सजौर पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कवायद शुरू कर दी है। आरोपित संदीप पर शादी की नीयत से अपहरण के आरोप में 26 दिसंबर 2020 को केस दर्ज कराया गया था। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका भी जताई थी। प्रेम विवाह मंदिर में करने के बाद बेटी बुधवार को शादी के जोड़े में एसएसपी निताशा गुडिय़ा के समक्ष पहुंच वाकये की जानकारी दे कानूनी संरक्षण मांग लिया।