KAIMUR : मंगलवार से पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर स्पेशल मेमू ट्रेनों (03693-03694) का परिचालन प्रारंभ होने से यात्रियों में खुशी है। कोरोना काल में लंबे समय से इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बंद था। जिससे कम दूरी के यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने स्पेशल पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया। सुबह 10:50 बजे उक्त ट्रेन भभुआ रोड स्टेशन पर पहुंची। जिसे देखते ही यात्रियों के चेहरे खिल गए। लंबे समय बाद पैसेंजर ट्रेन के परिचालन को ध्यान में रखकर भभुआ रोड स्टेशन के प्रबंधक आफताब अहमद और जीआरपी के पदाधिकारी व जवान स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर तैनात थे।
भभुआ रोड स्टेशन के प्रबंधक सरोज रंजन सिंह ने बताया की मंगलवार से गाड़ी संख्या 03693- 03694 डेहरी ऑन सोन-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) स्पेशल डेहरी ऑन सोन मेमो पैसेंजर का दैनिक परिचालन प्रारंभ किया गया। गाड़ी संख्या 03693 डेहरी ऑन सोन से सुबह 9:30 बजे खुल कर 12:40 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची। भभुआ रोड स्टेशन पर इसका समय 10:50 निर्धारित है। वापसी में ट्रेन 15:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से खुलकर 18:25 बजे डेहरी ऑन सोन पहुंचेगी।
दोनो ट्रेनों का कैमूर जिला के कुदरा, पुसौली, मुठानी, भभुआ रोड, दुर्गावती, धनेछा, कर्मनाशा स्टेशनों पर ठहराव है। इन मेमू ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ होने से आम यात्रियों को स्थानीय स्तर पर कम दूरी की त्वरित यात्रा करने में काफी सुविधा होगी। इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रा के दौरान कोविड-19 से बचाव एवं इसकी रोकथाम हेतु जारी दिशा निर्देशों का यात्रियों को पालन करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से ही हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस का भी परिचालन प्रारंभ हो गया। बुधवार को सुबह में यह भभुआ रोड स्टेशन पर पहुंचेगी। 14 जनवरी से अप व डाउन लाइन में दून एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय पर भभुआ रोड स्टेशन पहुंचेगी।