PATNA : केंद्र सरकार ने बिहार में अररिया-गलगलिया और मुंगेर-मिर्जाचौकी सड़कों के निर्माण को मंजूरी दे दी है. बता दें कि दोनों सड़कों के निर्माण के लिए NHAI की बिहार इकाई ने 80 फीसदी जमीन अधिग्रहण के टेंडर के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मांगी थी जिसे स्वीकार कर लिया गया है. केंद्र सरकार ने मंजूरी के साथ-साथ इसका टेंडर भी जारी कर दिया है.
जानकारी हो कि अररिया-गलगलिया फोरलेन सड़क कुल 94 किमी लंबी है. इस सड़क के निर्माण पर 1546 करोड़ खर्च होंगे. इस फोरलेन सड़क के बनने से बिहार-नेपाल के समानांतर एक और सड़क हो जाएगी जो आपात स्थिति में एनएच 57 के एक विकल्प के रूप में काम करेगा. वहीं अररिया के अलावा सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर सहित अन्य जिलों से नेपाल और बंगाल आना-जाना और आसान हो जाएगा.
इधर मुंगेर से मिर्जाचौक तक बनने वाली 124 किलोमीटर लंबी सड़क 5850 करोड़ की लागत से बननी है. चार पैकेज में बनने वाली इस सड़क के दो पैकेज एक और तीन की मंजूरी दी गई है. पैकेज एक में 26.06 किमी लंबी सड़क पर 808.80 करोड़ खर्च होना है. जबकि पैकेज तीन में 32.39 किमी लंबी सड़क पर 885 करोड़ खर्च होना है. मुंगेर-मिर्जाचौकी सड़क से न केवल पूर्वी बिहार के विकास का द्वार खुलेगा, बल्कि बिहार-झारखंड के बीच सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा.
Input-first Bihar