2021/01/19

समस्तीपुर में निर्दयी मां की करतूत : 8.2 डिग्री की ठंड में एक दिन के बच्चे को बांध किनारे फेंका...

SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पोखरैरा गांव स्थित खेत में सोमवार को एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। गांव के ही शंकर महतो की पत्नी टुनटुन देवी को इसकी जानकारी मिली तो इसकी जानकारी चाइल्ड लाइन को दी गई। चाइल्ड लाइन के सहयोग से बच्चे को मुफस्सिल थाना में लाया गया। 

पोखरैरा गांव में कलयुगी माता-पिता ने 8.2 डिग्री ठंडे तापमान के बीच एक दिन के नवजात को बांध किनारे फेंक दिया। शंकर महतो की पत्नी टुनटुन देवी को यह बच्चा 17 जनवरी को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे बांध पर फेंका हुआ मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते शुक्रवार को शीत लहर चल रही थी। उस दिन न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री था।

बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी चंद्र किशोर टुड्डू के सहयोग से नवजात को दत्तक ग्रहण केंद्र समस्तीपुर को सौंप दिया गया। इलाज के लिए उसे तत्काल सदर अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सक की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

जिला बाल कल्याण संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक गायत्री कुमारी ने कहा जिले में कहीं भी बच्चा मिलता है तो कोई भी व्यक्ति तुरंत स्थानीय पुलिस, चाइल्ड लाइन या दत्तक ग्रहण केंद्र को सूचना दें। कोई भी व्यक्ति बच्चा को फेंके नहीं यदि वे पालना नहीं चाहते है तो ममता शिशु गृह के पालना में चुपचाप रख दें। उनके पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।