2021/01/17

पटना में एक लड़की ने की आत्महत्या, गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में मिली लाश,एग्जाम में नहीं मिली थी सफलता

PATNA : गर्ल्स हॉस्टल में रहकर कम्पीटिशन की तैयारी करने वाली एक लड़की की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। हॉस्टल के जिस कमरे में वो रहती थी, उसी में उसकी लाश फांसी के फंदे से लटकती हुई मिली है। लड़की के संदेहास्पद मौत का यह मामला पटना के पीरबहोर थाना इलाके मखनियां कुआं का है। इस इलाके में मां भगवती गर्ल्स हॉस्टल है। इसके एक कमरे में पटना सिटी के बेगमपुर इलाके की रहने वाली 28 साल की स्नेहा पोद्दार रहती थी। 

रविवार को उसकी लाश कमरे के अंदर फंदे से लटकती हुई मिली। लाश देख हॉस्टल के अंदर रह रही बाकी लड़कियों, संचालक और वहां के स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पुलिस के साथ-साथ परिवार को दी गई। सूचना मिलने के बाद पिता मनोज पोद्दार, बहन समेत परिवार के कई लोग हॉस्टल पहुंचे।

सफाई करने पहुंची स्टाफ को बंद मिला था कमरे का गेट

स्टाफ के अनुसार स्नेहा शनिवार को हॉस्टल में ही थी। दिन में खाना भी उसने खाया था। सबसे अच्छे से बात भी की थी। रात को अपने कमरे में थी। सुबह होने पर हॉस्टल की महिला सफाई स्टाफ को उसके कमरे में जाना था। डेली की तरह कमरे की सफाई की जानी थी।

 महिला स्टाफ ने बाहर से कई बार स्नेहा को आवाज लगाई, पर अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर हॉस्टल मैनेजमेंट को जानकारी दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे के गेट को तोड़ा गया। जिसके बाद अंदर का नजारा देख हर किसी के होश उड़ गए। सामने में स्नेहा की लाश पंखे में बने फंदे से झूल रही थी।

ध्यान नहीं देने का लगाया आरोप

स्नेहा के गले में उसी का दुपट्‌टा था। दुपट्‌टा के सहारे ही पंखे में फंसा फंदा बनाया गया था। करीब 6 महीने पहले ही वो हॉस्टल में रहने के लिए पटना सिटी से आई थी। परिवार का आरोप है कि हॉस्टल संचालक और वहां के मैनेजमेंट ने उनकी बेटी के उपर ध्यान नहीं दिया। उसके केयर में लापरवाही बरती। हालांकि परिवार इस मामले में किसी को दोषी नहीं ठहरा रहा है। अभी इस मामले में पुलिस की टीम पिता और बहन के बयान को दर्ज करने में जुटी है।

सुसाइड मान रही है पुलिस

स्नेहा की संदेहास्पद मौत को पीरबहोर थाना की पुलिस सुसाइड मान रही है। थानेदार रिजवान अहमद के अनुसार स्नेहा पिछले कई दिनों से मानसिक तौर पर परेशान चल रही थी। इसके पीछे की वजह यह है कि कम्पीटिशन की तैयारी करने और एग्जाम देने के बाद भी उसे सफलता नहीं मिल रही थी। इस कारण उसने सुसाइड कर लिया। जांच के बाद पुलिस को आशंका है कि लड़की ने रात में ही सुसाइड की होगी। फिलहाल लाश का पीएमसीएच में पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद बहुत कुछ साफ हो जाएगा।

INPUT-DAINIK BHASKER