2021/01/11

बेगुसराय में कुख्यात अपराधी गोरेलाल सिंह समेत तीन गिरफ्तार,हथियार भी बरामद

BEGUSARAI : नयागांव थाना क्षेत्र से नशे की हालत में गिरफ्तार नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा निवासी कुख्यात गोरेलाल सिंह की निशानदेही पर पुलिस टीम ने एक कारबाईन, एक पिस्टल, तीन पिस्तौल व 11 कारतूस बरामद किया है। नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा में की गई छापेमारी में सुबोध कुमार सिंह के पुत्र आलोक कुमार व वैद्यनाथ सिंह के पुत्र चिन्टू कुमार को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उक्त बातें एसपी अवकाश कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।

उन्होंने कहा कि गिरोह के पास भारी मात्रा में हथियार होने की जानकारी मिली है जिसकी बरामदगी के लिए बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इनकी गिरफ्तारी से नावकोठी में शांति व्यवस्था बहाल होने के आसार हैं।

बखरी डीएसपी के नेतृत्व में गठित की टीम

एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि गोरेलाल के बाद उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी व हथियारों की बरामदगी के लिए बखरी डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में नावकोठी थानाध्यक्ष संतोष कुमार व पुअनि त्रिभुवन ठाकुर समेत सशस्त्र बलों की छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई को निर्देश दिया गया। टीम ने पहसारा गांव में बताए गए जगहों पर छापेमारी कर हथियार की बरामदगी व दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी की है।

नवयुवकों को झांसे में लेकर गिरोह का सरगना बन बैठा था गोरेलाल

गांव के कम उम्र के युवकों को रातों रात लाखपति व करोडपति बनाने को झांसा देकर गोरेलाल सिंह गिरोह का सरगना बन बैठा था। नियमित अंतराल पर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देकर वह लगातार दहशत पैदा कर रहा था। गिरोह में शामिल अन्य बदमाश इसके इशारे पर गोलीबारी समेत अन्य अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। नगर थाना क्षेत्र में हुई हत्या व पहसारा में पुलिस पर गोलीबारी में इसकी संलिप्तता उजागर हुई थी।

तीन में दो बदमाशों का है आपराधिक इतिहास

गोरेलाल सिंह पर पूर्व से नावकोठी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट,एससीएसटी अधिनियम, आ‌र्म्स एक्ट के कुल सात मामले दर्ज हैं वहीं आलोक कुमार के खिलाफ नावकोठी व समस्तीपुर के हसनपुर में हत्या के प्रयास व मद्य निषेध से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार तीसरे बदमाश चिन्टू के आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, पुलिस सत्यापन में लगी है। इस संबंध में नावकोठी थाने में कांड संख्या 06/21 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

Input-dainik jagran