2021/01/24

बिहार : पत्नी ने आंख, कान, नाक में फेवीक्विक डालकर पति को मारा, गैर मर्द से करती थी प्यार

GAYA : फेविक्विक से मर्डर की घटना संभवत: बिहार में पहली दफा है, जो गया के मुफस्सिल थाना इलाके में अंजाम दी गई। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही कांड का पूरे तौर पर खुलासा कर लिया गया है। एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। आरोपियों मुंह और आंख में फेविक्विक डालकर हत्या की थी।

घटना में संलिप्त रहे दो और लोग पुलिस की गिरफ्त से अब भी बाहर हैं, जिन्हें दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं पति की हत्या के प्रकरण में अहम भूमिका निभाने वाली पत्नी जूली कुमारी के अलावे उसका पिता दुर्गा साव और मां संजू देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले को ले शनिवार को एसएसपी आदित्य कुमार ने प्रेस वार्ता कर कांड के पूरे तौर पर खुलासे के संदर्भ में जानकारी दी। मुफस्सिल थाना अंतर्गत सलेमपुर स्थित ससुराल में 25 वर्षीय मुन्ना गुप्ता की हत्या में पत्नी, सास, ससुर की संलिप्तता सामने आई। वहीं इस कांड में पत्नी के प्रेमी और उसके दोस्त की बड़ी भूमिका था।

इन सभी ने मिलकर पूरी प्लानिंग के साथ मुन्ना की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मृतक की पत्नी का प्रेमी और उसका दोस्त फरार हैं। पत्नी ने पुलिस के समक्ष इनके नामों का खुलासा किया है। पत्नी जूली कुमारी ने पुलिस को बताया है कि कॉलेज में साथ पढ़ने वाले शख्स से प्रेम करती थी। घटना के मुख्य कारणों में अवैध प्रेम-प्रसंग के अलावे मुन्ना की संपति का लालच सामने आया है।
शव को सुनसान जगह पर जलाने की फिराक में थे
हत्या की घटना के बाद मुन्ना के शव को सुनसान ठिकाने पर ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने की मंशा में संलिप्त अपराधी थे। पुलिस की मुस्तैदी नहीं रहती या थोड़ी देर होने पर यदि वे शव लेकर भाग निकलने में सफल हो जाते तो संभवत: ऐसा ही होता। हालांकि उनकी मंशा धरी रही गई और मामला नाटकीय तरीके से सामने आ गया। बताया जा रहा कि बीती रात को मुफस्सिल थाना अंतर्गत भुसुंडा-फतेहपुर रोड में पुलिस की टीम गश्ती पर थी।

इसी बीच पुलिस को एक बाइक दिखी, जिस पर दो लोग बैठे थे। बीच में रखे एक बोरे में लंबा सा कुछ भरा हुआ था। पुलिस को देख बाइक सवार तेजी से वाहन भगाने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कोहरे का लाभ उठाकर दोनों भाग गए। बाइक और बोरे को रोड के किनारे खेत में छोड़ गए। शराब होने की आशंका में पुलिस ने छानबीन शुरू की, तो उसमें एक व्यक्ति की लाश मिली, जिसकी पहचान मुन्ना गुप्ता बालाडीह कॉलोनी निवासी के रूप में की गई।

निशानदेही पर फेविक्विक के डब्बा-रैपर, रस्सी व मोबाइल मिला, एक पैर का जूता भी बरामद
गिरफ्तार हुए तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फेविक्विक के रैपर और खाली डब्बा को बरामद किया। वहीं रस्सी और मोबाइल भी बरामद किए। पुलिस की पूरी कार्रवाई में अब तक दो मोबाइल, एक बाइक बीआर-02 एक्स 2953, एक डिब्बा पेट्रोल, नमक एक पैकेट, एक पैर का जूता आदि की बरामदगी की गई है। पुलिस की अनुसंधान टीम में डीएसपी वजीरगंज घूरन मंडल, प्रभारी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुअनि शूरवीर कुमार गुप्ता, प्रशिक्षु पुअनि प्रीती कुमारी, टेक्निकल सेल के पदाधिकारी शामिल थे।
मृतक व उसकी पत्नी के मोबाइल से खुले कई राज

शव की बरामदगी और पहचान हो जाने के बाद मृतक एवं उसकी पत्नी के मोबाइल को टेक्निकल सेल की टीम ने खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और अनुसंधान के क्रम में पूरा मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस की टीम ने मुफस्सिल के सलेमपुर में घेराबंदी करते हुए मृतक मुन्ना की पत्नी जूली कुमारी, ससुर दुर्गा साव व सास संजू देवी को गिरफ्तार किया। विदित हो कि जब मुन्ना की लाश मिली थी, तो पुलिस ने पाया था, कि मुंह-नाक और आंख पर फेविक्विक डालकर चिपकाया था और फेविक्वक का इस्तेमाल कर ही हत्या की गई थी। पत्नी ने यह स्वीकार भी किया है।


अज्ञात शव की पहचान के बाद हत्या की घटना का सफल उदभेदन कर लिया गया है। अब तक तीन की गिरफ्तारी हुई है, दो फरार हैं। फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी हो रही है। घटना में प्रयुक्त हुए फेविक्विक का डब्बा-रैपर समेत अन्य सामग्री की बरामदगी हुई है। -आदित्य कुमार, एसएसपी गया।