SAMASTIPUR : शहर के चीनी मिल के निकट ओवरब्रिज पर शनिवार शाम पुल की रेलिंग तोड़ दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रैक्टर के चालक की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सरायरंजन के हरपुर बरहेता गांव के बाबूलाल राय के 30 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया है कि इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार विक्रमपुर बांदे गांव के मिथिलेश कुमार, हरपुर एलौथ के मंटुन राय, लगुनियां के विक्की कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। जिनका इलाज चल रहा है। विदित हो कि शनिवार शाम बिजली का सामान पहुंचाकर सभी ट्रैक्टर से चीनी मिल की ओर जा रहे थे।
उसी दौरान ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर रेलिंग को तोड़ते हुए पुल के नीचे गिर गया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालाकि उस वक्त किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। रविवार सुबह इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। इस संबंध में परिजनों ने नगर थाने में आवेदन दिया है। थानाघ्यक्ष अरुण कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा आगे की कार्रवाई की जा रही है।