2021/01/11

स्वजन शादी के लिए नहीं हुए तैयार तो प्रेमी युगल ने एक-दूजे का हाथ पकड़कर कुएं में लगाई छलांग

KANPUR : फतेहपुर के किशुनपुर थाने के एक गांव में तीन साल से चला आ रहा प्रेम प्रसंग परवान न चढ़ा तो प्रेमी युगल ने सोमवार भोर पहर आबादी के बाहर स्थित सूखे कुएं में एक-दूजे का हाथ पकड़कर छलांग लगा दी। स्वजन को इसकी भनक लगी तो वह खोजते हुए कुएं के पास पहुंचे। पुलिस की मदद से ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। प्रेमी युगल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कुएं के बाहर रखे थे दोनों के मोबाइल फोन 

गांव के रहने वाली युवती का वहीं के युवक से बीते तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा है। एक ही बिरादरी के होने की वजह से दोनों शादी करना चाहते हैं। बालिग होने के बावजूद स्वजन उनकी शादी के लिए राजी नहीं हुए। काफी समझाने के बाद भी जब दोनों के स्वजन शादी के लिए तैयार न हुए तो प्रेमी युगल ने एक साथ दुनिया छोडऩे की ठान ली। सोमवार भोर पहर प्रेमी युगल अपने-अपने घरों से निकलकर आबादी के बाहर स्थित एक सूखे कुएं के पास पहुंच गए। मोबाइल बाहर रखकर दोनों ने एक-दूजे का हाथ पकड़कर कुएं में छलांग लगा दी। सुबह आठ बजे तक दोनों ही परिवारों में उनकी खोजबीन शुरू हो गई। ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को जंगल की ओर जाते देखा था। स्वजन को कुएं के पास तक जाने की भनक लगी तो नीचे झांककर देखा गया। कुएं के बाहर रखे मोबाइल से आशंका और पुख्ता हो गई। 

रस्सी के सहारे निकाला बाहर 

टार्च की रोशनी में ग्रामीणों ने देखा तो प्रेमी युगल घायल अवस्था में गहरे कुएं में नीचे पड़े हुए थे। थाने में वारदात की सूचना दी गई। कुछ देर बाद ही थानाध्यक्ष पंधारी सरोज फोर्स के साथ पहुंचे। रस्सी मंगवाकर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से प्रेमी युगल को बाहर निकाला। घायल अवस्था में उन्हेंं पहले विजयीपुर पीएचसी, बाद में खागा सीएचसी भिजवाया गया।

नहीं पहुंच सकी एंबुलेंस

प्रत्येक गांव को पक्की सड़क से जोडऩे के दावों की पोल उस समय खुल गई, जब मौके तक एंबुलेंस पहुंच पाना मुश्किल हो गया। घटनास्थल से तीन किमी दूर खड़ी एंबुलेंस तक घायल प्रेमी युगल को पिकप लोडर गाड़ी की मदद से पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना था बरसात के दिनों में गांव तक दो पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते हैं।