DESK : अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शातिर ठग को अरेस्ट किया है, जिसमें शादी के नाम पर न सिर्फ करीब 50 लड़कियों के साथ पैसों की धोखाधड़ी ही की, बल्कि इनमें से कईयों का शारीरिक शोषण भी किया। आखिरकार एक लड़की की हिम्मत व सूझबूझ से आरोपी और उसके नकली मां-बाप का भांडा फूट गया और अब वह सलाखों के पीछे है।
सिर्फ 10वीं पास, लेकिन खुद को बताता था गूगल का एचआर मैनेजर
अहमदाबाद साइबर क्राइम से मिली जानकारी के आरोपी की पहचान संदीप शंभूनाथ मिश्रा के रूप में हुई है। संदीप सिर्फ 10वीं पास है, लेकिन फर्राटेदार इंग्लिश में बात करता है। इसके अलावा कंप्यूटर का भी अच्छा खासा नॉलेज रखता है। कंप्यूटर से ही उसने गूगल कंपनी में एचआर मैनेजर होने का फर्जी आईडी कार्ड बना लिया था। इसके अलावा वह खुद को IIMA से पासआउट बताता था। कंप्यूटर से ही उसने अपनी कई फर्जी डिग्रियां भी तैयार कर ली थीं।
मैट्रीमोनियल साइट और सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों को फंसाता था
संदीप ने लड़कियों को फंसाने के लिए कई मैट्रिमोनियल साइट पर अकाउंट बना रखा था। इसके अलावा कई लड़कियों से वह सोशल मीडिया के जरिए भी मिला। लड़कियों से मुलाकात के बाद वह उनके सामने शादी का प्रस्ताव रख देता था। इसके साथ ही अपने नकली मां-बाप के द्वारा लड़कियों के घरवालों से भी मुलाकात कर लेता था। इसी मेल-मिलाप के दौरान वह लड़कियों को किराए की लग्जरी गाड़ियों से घुमाने के अलावा महंगी-महंगी होटलों में ले जाता था। इस दौरान वह कोई न कोई बहाना बनाकर लड़कियों से पैसे भी ले लेता था और कुछ समय बाद फरार हो जाता था।
बदनामी के डर से आज तक कोई लड़की नहीं आई सामने
इस बारे में साइबर पुलिस ने बताया कि संदीप के झांसे में फंसी ज्यादातर लड़कियां अमीर घरों से थीं। इसके चलते संदीप उन्हें झांसे मे लेकर लाखों रुपए ठग लेता था। इसके बाद अपने नकली मां-बाप के साथ यह कहकर गुम हो जाता था कि वह जॉब के सिलसिले में कुछ दिनों के लिए विदेश जा रहा है। इसके बाद वह अपना सिम कार्ड बदल लेता था। वहीं, समाज में बदनामी के डर से लड़कियां और उनके घरवाले उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाते थे।
एक लड़की ने दिखाई हिम्मत तो पकड़ में आया
साइबर पुलिस ने बताया कि करीब दो-तीन महीनों पहले एक लड़की ने संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी लड़की से साइबर पुलिस को संदीप की मोडस ऑपेरेंडी पर शक हुआ। हालांकि, वह अपना सिम कार्ड यूज करने के बाद फेंक दिया करता था। इसलिए पुलिस को उस तक पहुंचने में समय लग गया। फोटोग्राफ्स और अन्य तरीकों से साइबर पुलिस संदीप के पीछे लगी रही और आखिरकार उसे अहमदाबाद से दबोच लिया।
कुबुली 50 से ज्यादा लड़कियों को ठगने और कईयों के शारीरिक शोषण की बात
हालंकि, क्राइम ब्रांच ने इतने दिनों में उसके बारे में बहुत सारी जानकारियां मसलन किन साइटों पर उसकी पोस्ट थी और अपने फर्जी दस्तावेजों से उसने कई बार सिम कार्ड भी खरीदे। तो यह जानने के बाद संदीप ने कुबूल कर लिया कि अभी तक वह करीब 50 लड़कियों को झांसे में ले चुका है। संदीप की निशानदेही पर पुलिस ने उसके नकली मां-बाप को भी अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल उनसे भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि वह पीड़ित लड़कियों के परिवार से मुलाकात कर संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने का आग्रह करेंगी।