2021/01/09

प्रेमिका के लिए बिहार से झारखंड पहुंचा प्रेमी, कार से भाग रहे प्रेमी जोड़े को पुलिस ने पकड़ा, लड़का बोला- हमने शादी कर ली है

RANCHI : रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में एक लड़की को भगा कर ले जाना का मामला सामने आया है। बिहार के नालंदा जिले के कतरीसराय निवासी चंदन कुमार अपनी प्रेमिका को साथ ले जाने के लिए रांची पहुंचा था। रांची के तुपुदाना में लड़की को बिठाकर वह रिंग रोड की तरफ से निकल रहा था। इसी दौरान ओरमांझी में बेरिकेडिंग कर पुलिस ने प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया।

भागने के दौरान नानी के घरवालों ने देखा, पुलिस को दी सूचना

प्रेमी के साथ भागने के दौरान नाबालिग के परिजन ने देख लिया था। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने प्रेमी जोड़े को बिहार जाने से पहले ही पकड़ लिया। दोनों ने बताया कि वे शादीशुदा हैं लेकिन उनके परिजन साथ नहीं रहने दे रहे हैं। उधर, प्रेमी जोड़े को पकड़ने के बाद रांची पुलिस ने इसकी जानकारी बिहार नालंदा के कतरीसराय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद कतरीसराय पुलिस रांची पहुंची और प्रेमी जोड़े को अपने साथ लेकर बिहार चली गई।

इससे पहले घर से दिल्ली भाग गए थे
बताया जा रहा है कि प्रेमी जोड़ा इससे पहले भागकर दिल्ली गए थे। वहां से बिहार पुलिस ढूंढ कर इन्हें वापस घर लाई थी। लड़की को लड़के से दूर करने के लिए उसके परिजनों ने नानी के पास रांची भेज दिया था। लेकिन रांची आने के बाद भी प्रेमी जोड़ा के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा। इसी दौरान दोनों ने रांची से कहीं और भागने की प्लानिंग की थी।

भाड़े की कार से पहुंचा था रांची
पूछताछ में आरोपी चंदन ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में ही बालाजी मंदिर में दोनों शादी कर चुके हैं। लड़की नाबालिग है, इस कारण कोर्ट मैरिज नहीं की है। वह अपनी प्रेमिका को लेने के लिए भाड़े के गाड़ी से रांची पहुंचा था।

उधर, नाबालिग के परिजन के बयान पर प्रेमी चंदन और कार ड्राइवर रंजन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस को चंदन ने बताया कि 2017 में चचेरे भाई की शादी में लड़की से उसकी पहली मुलाकात हुई थी। दोनों ने एक दूसरे का मोबाइल नंबर लिया था। फिर बातचीत के दौरान प्यार का इजहार किया था।