DESK : कोविड 19 वैक्सीन का ड्राई रन आज से सभी राज्यों के दो-दो शहरों में किया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने अब तक चार राज्यों पंजाब, असम, गुजरात और आंध्र प्रदेश में ड्राई रन किया था. इन राज्यों में किये गये ड्राई रन के परिणाम सकारात्मक आये हैं. इसके बाद ही पूरे देश में ड्राई रन का फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय ने किया है. ड्राई रन की प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है.
कोरोना टीकाकरण को लेकर शनिवार को राज्य के तीन जिलों में ड्राइ रन होगा. चुनाव के दिन होनेवाले मॉक पोल के तर्ज पर यहां कोरोना टीकाकरण का अभ्यास किया जायेगा. इसमें पश्चिम चंपारण, पटना और जमुई के तीन-तीन स्थलों पर मॉक ड्रिल किया जायेगा. मॉक ड्रिल में राज्य भर के रजिस्टर्ड कुल लोगों के डाटा अपलोड किया जायेगा.
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया अस्पताल, मझौलिया अस्पताल और शहरी स्वास्थ्य केंद्र बेतिया में ड्राइ रन चलाया जायेगा. पटना में फुलवारीशरीफ अस्पताल, दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल और शहरी स्वास्थ्य केंद्र, शास्त्रीनगर में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन होगा. जमुई में बहुउद्देशीय स्कूल जमुई, प्लस टू हाइस्कूल जमुई और ऑक्सफोर्ड स्कूल जमुई में ड्राइ रन चलाया जायेगा.
झारखंड के छह जिलों में आज से कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन किया जायेगा. राजधानी रांची, सिमडेगा, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और पाकुड़ में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन होगा. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने ड्राई रन किये जानेवाले जिलों के सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये तैयारियों की समीक्षा भी की है.
उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक, शनिवार को लखनऊ के छह स्थानों (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मॉल और मलिहाबाद, सहारा हॉस्पिटल, किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, राम मनोहर लोहिया तथा संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई)) पर वैक्सीन का ड्राई रन किया जायेगा. साथ ही बताया कि पूरे प्रदेश में पांच जनवरी से ड्राई रन अभियान चलेगा.
पंजाब और हरियाणा में आज से कोविड-19 वैक्सीन का ड्राई रन होगा. पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के मुताबिक, राज्य सरकार दो और तीन जनवरी को पटियाला में एक अभियान चलायेगी. केंद्र के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, पंजाब ने पटियाला जिले को चुना है, जहां सरकारी मेडिकल कॉलेज, सद्भावना अस्पताल और सतराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्राई रन किया जायेगा. हरियाणा में स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉ सूरज भान काम्बोज के मुताबिक, राज्य के पंचकूला में ड्राई रन किया जायेगा. यह अभियान तीन स्थान पर चलाया जायेगा. जम्मू-कश्मीर के तीन जिलों के नौ अस्पतालों में ड्राई रन किया जायेगा. जानकारी के मुताबिक, कश्मीर घाटी के श्रीनगर, कुलगाम और जम्मू जिले में वैक्सीन का ड्राई रन किया जायेगा. ड्राई रन को लेकर केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
ड्राई रन के दौरान कोविड 19 वैक्सीन के कोल्ड स्टोरेज, ढुलाई के इंतजाम, भीड़ का प्रबंधन, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ क्रियान्वयन की समीक्षा की जायेगी. ड्राई रन की तैयारियों में सभा स्थल का निर्माण, विवरण जमा करना और अपडेट करने की प्रक्रिया, इन्हें को-विन एप्लीकेशन पर अपलोड करना, टीकाकरण में शामिल कर्मियों का प्रशिक्षण, वैक्सीनेशन के बाद किसी प्रतिकूल घटना की तैयारी, कोल्ड चेन मैनेजमेंट, सभा स्थलों और टीका भंडारण स्थलों की सुरक्षा आदि शामिल हैं. विवरणों पर ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) की विषय विशेषज्ञ समिति द्वारा करीब से नजर रखी जा रही है
मालूम हो कि ड्राई रन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा को लेकर उच्च-स्तरीय बैठक की. डॉ हर्षवर्धन ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने की अपील की कि वैक्सीन दिये जानेवाले स्थल और प्रभारी अधिकारी विस्तृत चेकलिस्ट का पालन करें. साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का भी पालन किया जाये.