2021/01/06

लव मैरिज के बाद पति दहेज में मांगने लगा मोटरसाइकिल, दूसरी शादी की धमकी से तंग आकर पत्नी ने आग लगाकर दी जान

LAKHISARAI : लखीसराय में लव मैरिज के महज 8 महीने बाद एक पत्नी ने दहेज की आग में जलकर अपनी जान दे दी। दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर पति जब दूसरी शादी की धमकी देने लगा तो पत्नी से नहीं रहा गया और खुद पर किरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। घरवालों ने जब देखा तो दरवाजा तोड़कर अंदर गए लेकिन तब तक वह बुरी तरह से आग की लपटों में समा चुकी थी। 

आनन-फानन में उसे लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन मंगलवार को पत्नी जिंदगी से जंग हार गई। घटना चानन के भंडार गांव की है। मृतक की पहचान नवीन ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी (20 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। हालांकि इस मामले में पुलिस केस नहीं हुआ है लेकिन पिता ने मृतक के सुसाइड की पुष्टि की है।

8 महीने पहले हुई थी शादी
नेहा की शादी 8 महीने पहले ही तेतरहाट गांव निवासी तारिणी ठाकुर के पुत्र संजीत कुमार के साथ हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल गई थी जिसके बाद उसके पिता विदाई में मायके ले आए थे। लॉकडाउन हो जाने के कारण वह अपने मायके में ही फंस गई थी। सोमवार की रात को दोनों के बीच फोन से बात हो रही थी। 

इसी दौरान अचानक से एक रूम में गई और दरवाजा बंद कर लिया। अंदर उसने खुद पर किरोसिन छिड़क लिया और आग लगा ली। घरवालों ने जब रूम बंद देखा तो दौड़े और दरवाजा तोड़ने लगे। जब तक वह दरवाजा तोड़ पाते तब तक नेहा बुरी तरह से जल चुकी थी। नेहा के पिता ने बताया कि दोनों फोन पर ही बात कर रहे थे। अचानक वह घर में बंद हो गई तो हमलोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे लेकिन तब तक वह बुरी तरह से जल चुकी थी।

दूसरी शादी की धमकी देता था पति
नेहा के पति ने लव मैरिज तो कर ली थी लेकिन दहेज का लोभी था। शादी के बाद से ही वह नेहा को मोटरसाइकिल दिलवाने के लिए परेशान करने लगा था। नेहा अपने मायके की स्थिति को जानती थी इसलिए कभी नहीं बताती थी। इसी बात को उसकी कमजोरी समझ कर पति दूसरी शादी की धमकी देने लगा था। इसी बात से वह गहरे मानसिक तनाव में चल रही थी। सोमवार की रात को भी दोनों के बीच इसी को लेकर झगड़ा शुरू हो गया था। नेहा का तनाव इस कदर हावी हुआ कि उसने अपनी ही जान ले ली।