2021/01/29

प्रेम प्रसंग में महिला की मर्डर,प्रेमी ने प्रेमिका की चाकू से गोदकर की हत्या, मासूम बेटी के सामने मार डाला

DESK : प्रेम प्रसंग को लेकर लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार को महिला की हत्या कर दी गई। यहां एक युवक ने महिला को पहले मिलने बुलाया। इसके बाद 5 साल की बच्ची के सामने ही कैंची से गला काट दिया। खून से लथपथ महिला सामने स्थित दुकान की सीढ़ियों पर गिर गई। बच्ची के सामने महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना मध्य प्रदेश के इंदौर की है. 

ASP राजेश रघुवंशी ने बताया कि प्रिया (26) अपने पति श्याम और 5 साल की बेटी काव्या के साथ ज्ञानशीला कॉलोनी में रहती थी। उसकी 6 साल पहले ही शादी हुई थी। 3 साल पहले वह यहां रहने आई थी। गांधी नगर में ही उसका मायका भी है। श्याम साबूदाने की फैक्टरी में काम करता है। करीब एक साल पहले सोशल मीडिया पर सौरभ नाम के युवक से उसकी पहचान हुई। इसके बाद दोनों में बातचीत बढ़ने लगी। गुरुवार रात आरोपी ने प्रिया को मिलने बुलाया। प्रिया अपनी 5 साल की बेटी के साथ मिलने पहुंची। यहां आरोपी अपने दो साथियों के साथ नशे में धुत हो कर खड़ा था। दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने प्रिया का कैंची से गला काट दिया।

बच्ची के सामने तोड़ा दम

सामने स्थित दुकान पर सीसीटीवी लगे हैं। इसमें खून से लथपथ प्रिया तड़पते हुए सामने ही स्थित एक दुकान की सीढ़ियाें पर गिरती नजर आ रही है। बच्ची भी मां को लहूलुहान देख घबरा गई। वह रोने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आरोपी बोला- सुबह से गुस्से में था, बहस कर रही थी इसलिए मार डाला
हत्या के तुरंत बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी। लसूड़िया और परदेशीपुरा पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद सौरभ काे पकड़ लिया। उसने पुलिस काे बताया कि हम दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। शाम को उसे मिलने बुलाया तो वह बेटी को भी ले आई थी। मैं सुबह से गुस्से में था। जेब में कैंची लेकर आया था। बहस करने लगी तो मार दिया। हत्या में दो और आरोपियों के साथ होने की बात सामने आई है।

जनता क्वार्टर का आदतन अपराधी है आरोपी
पुलिस के अनुसार प्रिया को सौरभ ने फोन कर मिलने बुलाया था। वह बेटी को लेकर पहुंची तो दोनों में विवाद हो गया। इसी के चलते सौरभ ने उसका गला रेत दिया। तभी कुछ लोग वहां आए, लेकिन किसी ने भी मदद नहीं की। थाेड़ी ही देर में उसने दुकान की सीढ़ियों पर ही दम ताेड़ दिया। घटनास्थल से महिला का घर 200 मीटर दूरी पर ही था। पति श्याम साबूदाना कंपनी का सेल्समैन है। घटना के वक्त वह घर पर ही था। आरोपी जनता क्वार्टर का आदतन अपराधी है।