ARA : आरा पुलिस की स्पेशल सेल और अपराधियों के बीच सोमवार शाम को मुठभेड़ हो गई। स्पेशल सेल की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक महिला को गोली लगी है। घटना नगर थाना क्षेत्र के धरहरा शिवपुरी इलाके की है। स्पेशल टीम एक वांटेड अपराधियों को पकड़ने गई थी। तभी अपराधियों को इसकी भनक लग गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। तभी कवर फायर के दौरान चली गोली में एक महिला घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद PMCH पटना रेफर कर दिया गया। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल महिला अपराधी के परिवार की सदस्य ही है। घटना के बाद इलाके में अपरा-तफरी मच गई। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सदर SDPO पंकज राउत ने बताया कि सूचना मिली थी कि धरहरा शिवपुरी में कई कुख्यात अपराधी एक साथ इकट्ठा हुए हैं। इसके बाद स्पेशल टीम जब वहां छापेमारी करने के लिए निकली तो अपराधियों को इसकी भनक लग गई। पुलिस के पहुंचते ही अपराधी रोड़ेबाजी और फायरिंग करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। एक महिला को गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।